रायगढ़

ऑनलाइन सट्टा-जुआ, 9 आरोपी पकड़ाए
08-Apr-2026 6:29 PM
ऑनलाइन सट्टा-जुआ, 9 आरोपी पकड़ाए

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 8 अप्रैल। रायगढ़ जिले में ऑनलाइन सट्टा और जुआ के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए अलग-अलग मामलों में 9 आरोपियों को पकड़ा है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में खरसिया और कोतवाली पुलिस द्वारा की गई।

मोबाइल से क्रिकेट सट्टा संचालित, नाबालिग पकड़ाया

चौकी प्रभारी त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक मोबाइल के जरिए क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहा है।

पुलिस ने सिविल अस्पताल मेन रोड के पास घेराबंदी कर एक नाबालिग को पकड़ा। तलाशी में उसके पास से 2 मोबाइल, नगद 3,300 रुपये और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। मोबाइल जांच में व्हाट्सएप ग्रुप, ऑनलाइन पेमेंट और सट्टा आईडी से जुड़े डिजिटल साक्ष्य मिले।

पूछताछ में किशोर ने बताया कि वह रवि राठौर नामक व्यक्ति के लिए सट्टा लिखता था, जो फिलहाल फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। इस कार्रवाई में करीब 1.13 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई।

कोतरारोड़ में जुआ फड़ पर रेड, 8 जुआरी गिरफ्तार

इसी कड़ी में थाना साइबर और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने कोतरारोड़ क्षेत्र के चूना भ_ी इलाके में जुआ फड़ पर छापा मारा। मौके से 52 पत्ती ताश से जुआ खेलते 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने आरोपियों के पास से  9,020 रुपये नगद, 8 मोबाइल, 5 मोटरसाइकिल,  ताश की गड्डी जब्त की है। सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध सट्टा और जुआ के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट