रायगढ़

5 लाख के अवैध कबाड़ जब्त
29-Mar-2026 9:56 PM
5 लाख के अवैध कबाड़ जब्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 29 मार्च। गुरुवार की रात्रि थाना साइबर एवं चौकी खरसिया पुलिस द्वारा अवैध कबाड़ परिवहन के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक टाटा माजदा वाहन में अवैध कबाड़ लोड कर खरसिया की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना साइबर स्टाफ एवं चौकी खरसिया पुलिस द्वारा संयुक्त कार्रवाई करते हुए रायगढ़ बायपास रोड के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोककर पकड़ा गया।

पकड़े गए टाटा माजदा वाहन की तलाशी लेने पर उसमें बड़ी मात्रा में कबाड़ लोहा, छड़, टीना एवं जंग लगा तार लोड पाया गया। वाहन चालक टीपू मनिहार पिता सत्तार मनिहार, (34), निवासी तुर्रीभांठा बायपास रोड खरसिया से कबाड़ के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, जिस पर वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका और गोलमोल जवाब देने लगा।

वाहन में चोरी की संपत्ति होने के संदेह पर चौकी खरसिया पुलिस द्वारा विधिवत कार्रवाई करते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 35(क)(ड) एवं भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत वाहन माजदा (5 लाख रूपये) तथा उसमें लोड कुल 4180 किलोग्राम कबाड़ (15 हजार) को जब्त किया गया है।


अन्य पोस्ट