रायगढ़

रामनवमी पर रायगढ़ में निकली भव्य शोभायात्रा, जय श्रीराम के जयकारों से गूंजता रहा शहर
28-Mar-2026 4:43 PM
रामनवमी पर रायगढ़ में निकली भव्य शोभायात्रा, जय श्रीराम के जयकारों से गूंजता रहा शहर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 28 मार्च।   श्रीराम जन्मोत्सव पर रायगढ़ में भव्य शोभायात्रा निकाली।  नटवर स्कूल मैदान से निकली ऐतिहासिक शोभायात्रा में हजारों भक्त उमड़ पड़े।  समूचा शहर भगवान श्रीराम के नारे, मधुर गीत, ढ़ोल नगाड़े, आतिशबाजी व जय - जय श्री राम के जयघोष से गुंजायमान हो गया। 

शहर के ऐतिहासिक भव्य श्रीराम नवमी शोभा यात्रा में इस बार भी 54 समाज के लोगों की सहभागिता व 60 से अधिक बिरादरी और संगठनों के प्रतिनिधियों ने रामनवमी शोभायात्रा में शामिल हुए। वहीं रायगढ़ के हर चौक-चौराहे को लाइटिंग और खूबसूरत तोरण से सजाया गया था जिसकी खूबसूरती देखते ही बनी। वहीं समूचा शहर भगवान श्री राम जी के जयकारे से गुंजायमान हो गया। मौसम का मिजाज में जरा सा परिवर्तन होने व हल्की बारीश व हवाएँ चलने के बावजूद भी लोगों की श्रद्धा में कोई कमी नहीं आई। वहीं पूरी शोभा यात्रा के संग शहरवासी भाव विभोर होकर भगवान श्रीराम के मधुर गीतों व जयकारे के साथ मस्त झूमते रहे और शहर श्रीराममय हो गया।

जगह - जगह पुष्प वर्षा और महाआरती 

यादगार शोभा यात्रा के दौरान शहर के हर चौक चौराहों में ऐतिहासिक भव्य शोभायात्रा का पुष्प वर्षा और महाआरती की गई। इसी तरह शहर के विभिन्न स्थानों में शोभा यात्रा में शामिल हजारों श्रद्धालुओं को शहर के विभिन्न सामाजिक संस्थाओं व व्यवसायियों ने नाश्ते, बिस्कुट, समोसे, शीतल शर्बत, ठंडाई, मिठाई, प्रसाद से आत्मीय स्वागत किया। 

 

आदिवासी नृत्य के साथ मस्त झूमे लोग 

कर्मा पार्टी, आदिवासी नृत्य ने हजारों लोगों को मुग्ध किया वे आदिवासी संस्कृति वेशभूषा में सजे थे और कर्मा के मधुर थाप संग निहाल होकर झूम रहे थे उनके साथ - साथ शोभा यात्रा में शामिल श्रद्धालुगण भी मस्त झूमे। हर किसी के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। इसी तरह इस बार शहर के हिंदू समाज द्वारा मनभावन झांकियां निकाली गई। समाज की सभी झांकियों ने श्रद्धालुओं को हर्षित किया। वहीं तीन किलोमीटर तक की लंबी यादगार झांकियों ने महारिकार्ड भी बना दिया।

इस बार की ऐतिहासिक भव्य श्रीराम नवमी शोभायात्रा में सबसे बड़ा आकर्षण पंजाब का पाइप बैंड, उड़ीसा का काला हांडी कटप्पा, सुआ नृत्य, पंथी नृत्य, कोलकाता के कार्टून, आदिवासी नृत्य युवती महिला कर्मा, भालू झांकी डांस, भगवान शिव पार्वती व नंदी की जीवंत झांकी श्रीराधा कृष्ण का जीवंत नृत्य गीत सहित अनेक मनभावन झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रही जिसे देखकर शहरवासी अत्यंत ही हर्षित हो गए और कलाकारों की प्रस्तुति की सभी ने बेहद सराहना की। 

शहर के नटवर स्कूल मैदान से निकली व रामलीला मैदान में समापन तक शोभायात्रा जिन सडक़ों पर निकली वहां और आसपास इलाके में सुबह से लेकर रात तक पुलिस के जवान सजग रहे। इसी तरह जिला और पुलिस प्रशासन के कर्मचारी से लेकर अफसर भी मॉनिटरिंग कर शांति व्यवस्था में योगदान दिए। वहीं समिति के कार्यकर्ता भी सभी गतिविधियों पर मॉनिटरिंग करते रहे। 

शहर के रामलीला मैदान में शोभा यात्रा में शामिल हुए सभी रामभक्तों के लिए महाभंडारा का आयोजन किया गया। जैसे ही शोभा यात्रा रामलीला मैदान पहुँची वहाँ भगवान श्रीराम की महाआरती की गई और जयकारे से स्थल गुंजित हो गया। इसके पश्चात सभी लोगों के लिए महाभंडारा शुरु हुआ जहां हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य के भागी बने।

वहीं ऐतिहासिक व यादगार श्रीराम शोभा यात्रा के आयोजन को सफल बनाने में श्रीराम नवमीं आयोजन समिति, जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन व सभी प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष सहयोगियों का सराहनीय योगदान रहा।


अन्य पोस्ट