रायगढ़

दो ट्रकों से 48 टन स्क्रैप जब्त
20-Mar-2026 10:53 PM
दो ट्रकों से 48 टन स्क्रैप जब्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 20 मार्च। एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर अवैध कबाड़ के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस द्वारा ऑपरेशन प्रहार के तहत लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। पिछले 24 घंटे के भीतर पूंजीपथरा पुलिस द्वारा तीसरी बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध स्क्रैप के परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी अंकुश लगाया गया है। कार्रवाई में 17 मार्च को ओडिशा पासिंग ट्रक में लोड 22.75 टन अवैध स्क्रैप आरोपी राजेश यादव पिता गयाप्रसाद यादव उम्र 20 वर्ष निवासी नसरतपुर थाना धनर्वा जिला पटना (बिहार) से जब्त कर आरोपित पर वैधानिक कार्रवाई की गई थी।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि अग्रोहा प्लांट के पास ट्रक में अवैध स्क्रैप कबाड़ लोड कर खड़ा है। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा तत्काल रेड कार्रवाई की गई, जहां चालक उपन्यास कुमार (20 वर्ष) निवासी भोजपुर (बिहार) मिला, जो स्क्रैप के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। संदेह के आधार पर ट्रक में लोड 25.660 टन स्क्रैप (कीमत लगभग 8,46,780 रुपये) जब्त कर आरोपी के विरुद्ध धारा 35(क)(ड) 303(2) के तहत कार्रवाई कर न्यायालय पेश किया गया। कार्रवाई में ट्रक तथा 25.660 टन स्क्रैप (कीमत लगभग 8,46,780 रुपये) कुल 18 लाख 46 हजार रूपये की संपत्ति की जब्ती की गई है।

एक लावारिस वाहन पकड़ाया

इसी कड़ी में दूसरी कार्रवाई में रात्रि गश्त के दौरान तमनार चौक के पास एक 12 चक्का ट्रक लावारिस हालत में खड़ा मिला, जिसमें लोहे एवं टीन का कबाड़ लोड था। चालक का कोई पता नहीं चलने पर संदेह के आधार पर उक्त वाहन को धारा 106(1) बीएनएसएस के तहत जप्त कर वाहन स्वामी की पतासाजी की जा रही है।


अन्य पोस्ट