रायगढ़

100 से अधिक निगरानी, गुण्डा और आदतन बदमाशों की परेड
27-Feb-2026 8:49 PM
100 से अधिक निगरानी, गुण्डा और आदतन बदमाशों की परेड

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 27 फरवरी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और आदतन अपराधियों को अपराध की दुनिया से दूर कर मुख्यधारा में जोडऩे की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए आज शहर के 100 से अधिक निगरानी बदमाशों, गुंडा तत्वों, सजायाफ्ता एवं संदिग्ध प्रवृत्ति के व्यक्तियों को पुलिस कार्यालय में तलब कर उन्हें अपराध छोडक़र सामान्य जीवन जीने की सख्त समझाइश दी। एसएसपी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सभी चिन्हित बदमाश अपराध से तौबा कर लें और समाज की मुख्यधारा से जुडक़र सम्मानजनक जीवन व्यतीत करें, अन्यथा किसी भी प्रकार की शिकायत या आपराधिक गतिविधि सामने आने पर उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

होली के मद्देनजर एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया था कि थानों के अभिलेखों में दर्ज निगरानी बदमाशों, गुंडा सूची में शामिल व्यक्तियों, सजायाफ्ता और संदिग्ध अपराधियों को थाने में बुलाकर उन्हें स्पष्ट चेतावनी दी जाए कि वे अपराधों से दूरी बनाकर सकारात्मक कार्यों में संलग्न हों। निर्देशों के पालन में थाना प्रभारियों ने पहले थाने में बदमाशों की क्लास ली।

बदमाशों को एसपी कार्यालय में उपस्थित कर एसएसपी ने उन्हें अपराध से दूर रहने, नशे और बुरी संगत का त्याग करने तथा अपने जीवन की नई शुरुआत करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि पुलिस ऐसे व्यक्तियों को सुधार का अवसर दे रही है और इस अवसर का लाभ उठाकर वे अपने भविष्य को बेहतर बना सकते हैं, लेकिन यदि कोई व्यक्ति पुन: अपराध में लिप्त पाया गया तो रायगढ़ पुलिस द्वारा कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

होली पर्व को ध्यान में रखते हुए एसएसपी ने सभी निगरानी एवं आदतन बदमाशों को विशेष रूप से चेतावनी दी कि वे किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, गुंडागर्दी, छेडख़ानी या अन्य आपराधिक कृत्यों में संलिप्त न हों। उन्होंने स्पष्ट किया कि रायगढ़ पुलिस जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

जो भी व्यक्ति कानून का उल्लंघन करेगा, उसके विरुद्ध विधि सम्मत कठोर कार्रवाई कर न्यायालय के माध्यम से दंड दिलाया जाएगा। इस अवसर पर उन्होंने बदमाशों को उनके पूर्व में किये गये अपराधों का पश्चाताप  करने और अपराध छोडक़र पुलिस के मददगार बनाने को कहा, एसएसपी के इस बात पर सभी ने भारत माता की जय के नारे लगाये।


अन्य पोस्ट