रायगढ़

ग्रामीणों को नशा मुक्ति व साइबर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
25-Feb-2026 6:53 PM
ग्रामीणों को नशा मुक्ति व साइबर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

पुलिस की जन चौपाल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 25 फरवरी।  वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन में जिले में चलाए जा रहे जन जागरूकता अभियान के तहत 24 फरवरी को थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव द्वारा ग्राम चिलकीगुड़ी में पुलिस जन चौपाल का आयोजन किया गया। इस अवसर पर काफी संख्या में गांव की महिला-पुरूष उपस्थित होकर पुलिस द्वारा दी गई जानकारी को गंभीरता से सुना और नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहयोग देने का संकल्प लिया।

जन चौपाल के दौरान थाना प्रभारी ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा कई गंभीर अपराधों की जड़ है और इसके कारण परिवार एवं समाज दोनों प्रभावित होते हैं। उन्होंने नशे की वजह से कई दुर्घटनाएं, अपराध की घटनाएं सामने आती हैं, जिससे कई परिवारों का जीवन प्रभावित होता है। उन्होंने ग्रामीणों से नशे से दूर रहने की अपील की।

उन्होंने बताया कि रायगढ़ पुलिस द्वारा अवैध शराब, गांजा और अन्य नशीले पदार्थों की खरीदी-बिक्री करने वालों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ऑपरेशन आघात चलाया जा रहा है तथा ऑपरेशन शंखनाद से गौवंश को सुरक्षित रखने और मवेशी तस्करों पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे के अवैध कारोबार और मवेशी तस्करी में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। ऐसे कार्यों से दूर रहकर सम्मानजनक जीवन जीने की सलाह दी गई।

कार्यक्रम में महिला समूहों की सक्रिय भूमिका की सराहना करते हुए थाना प्रभारी ने कहा कि क्षेत्र के कई गांवों में महिलाओं द्वारा शराब बंदी के लिए सराहनीय प्रयास किए जा रहे हैं। ग्राम चिलकीगुड़ी में पुलिस और महिलाओं के संयुक्त प्रयास से लगातार जन जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। उपस्थित ग्रामीणों और महिलाओं ने गांव को नशा मुक्त बनाने के लिए पुलिस का सहयोग करने का भरोसा दिलाया।

इस दौरान साइबर अपराधों के प्रति भी ग्रामीणों को जागरूक किया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि अज्ञात कॉल, ओटीपी मांगने वाले फोन, बैंक या केवाईसी के नाम पर जानकारी मांगने वाले व्यक्तियों तथा लॉटरी या इनाम के झांसे से सावधान रहें। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति को बैंक संबंधी जानकारी या ओटीपी साझा न करें और किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचित करें।


अन्य पोस्ट