रायगढ़

4 ट्रक समेत 82 लाख का 80 टन अवैध कबाड़ जब्त
25-Feb-2026 7:06 PM
4 ट्रक समेत 82 लाख का 80 टन अवैध कबाड़ जब्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 25 फरवरी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर जिले में अवैध कबाड़ के कारोबार पर अंकुश लगाने ऑपरेशन प्रहार के तहत पूंजीपथरा पुलिस द्वारा बड़ी कार्रवाई करते हुए चार ट्रकों में लोड भारी मात्रा में अवैध कबाड़ जब्त किया गया है।

23 फरवरी की दोपहर पूंजीपथरा पुलिस टीम ने मुखबिर सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए घरघोड़ा से रायगढ़ की ओर जा रहे चार ट्रकों को मेन रोड समारूमा के पास घेराबंदी कर पकड़ा। ट्रकों की तलाशी लेने पर उनमें लोहे के एंगल, पाइप, टिन एवं अन्य कबाड़ के टुकड़े लोड पाए गए, जिनका कुल वजन करीब 80 टन तथा वर्तमान बाजार मूल्य लगभग 28 लाख 35 हजार रुपये है। पुलिस द्वारा कबाड़ और चारों ट्रकों समेत कुल 82 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

ट्रक  से करीब 11 टन कबाड़, ट्रक से करीब 25 टन कबाड़, ट्रक से करीब 15 टन कबाड़ तथा ट्रक से करीब 29 टन कबाड़ जब्त किया गया। आरोपियों पर धारा 35(क)(ड) 303(2) के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस पूछताछ के दौरान ट्रक चालकों द्वारा कबाड़ परिवहन के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके, जिससे कबाड़ के चोरी की संपत्ति होने का संदेह उत्पन्न हुआ। कार्यवाही के दौरान वाहन चालकों द्वारा पुलिस कार्यवाही का विरोध भी किया गया, जिस पर पूंजीपथरा पुलिस द्वारा अनावेदक वाहन चालकों के विरुद्ध पृथक से भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।


अन्य पोस्ट