रायगढ़
रायगढ़, 23 फरवरी। पिछले साल 24-25 मई की रात थाना चक्रधरनगर क्षेत्र अंतर्गत विजयम उत्सव मैरिज गार्डन के पास युवक के साथ मारपीट की गंभीर घटना सामने आई थी। घटना के संबंध में पीडि़त युवक द्वारा थाना चक्रधरनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
रिपोर्ट में युवक ने बताया कि 24 मई को वह अपनी दीदी के घर ग्राम लामीदरहा गया था। रात्रि लगभग 1.30 बजे लौटते समय विजयम उत्सव मैरिज गार्डन के पास कुछ लडक़ों ने मोटरसाइकिल एवं स्कूटी से उसका रास्ता रोक लिया। आरोपियों में मनीष बिहारी, बबलू दास महंत, अंकुल ठाकुर एवं अन्य साथी शामिल थे। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों एवं हथियारों से मारपीट की।
प्रकरण में थाना चक्रधरनगर में धारा 126(2), 396, 351(3), 118(1), 191(2), 191(3), 190 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था। साथ ही अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(2)(अ) (क) जोड़ी गई।
घटना के बाद से आरोपी गिरफ्तारी के डर से फरार थे। प्रकरण की विवेचना नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा द्वारा की जा रही है। दिनांक 20 फरवरी की रात मारपीट में शामिल आरोपी अंकुल ठाकुर उर्फ अंशुल ठाकुर को शहर में घूमते देखे जाने की सूचना पर तत्काल सीएसपी मयंक मिश्रा ने निर्देशन पर चक्रधरनगर पेट्रोलिंग पार्टी द्वारा घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। आरोपी पुलिस से बचने अपना हुलिया पूरी तरह बदल लिया था बाल और दाढ़ी बढ़ा ली थी।


