रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 24 फरवरी। ग्रीष्म ऋतु की शुरुआत के साथ ही क्षेत्र में गिरते भूजल स्तर को लेकर खरसिया कांग्रेस परिवार ने अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) को ज्ञापन सौंपकर तत्काल नहर में पानी छोडऩे की मांग की है।
कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष मनोज गवेल के लेटरपैड में दिए गए ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि फरवरी माह में ही खरसिया क्षेत्र की कई ग्राम पंचायतों में भूजल स्तर काफी नीचे चला गया है। बोरवेल से केवल कुछ मिनटों तक ही पानी निकल पा रहा है। नहर, तालाब और नाले सूख चुके हैं, जिससे पेयजल सहित अन्य उपयोग के लिए पानी की भारी किल्लत हो रही है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मदनपुर कांग्रेस कार्यालय से सैकड़ों ग्रामीणों के साथ पैदल मार्च करते हुए तहसील कार्यालय पहुंचे। वहां एसडीएम प्रवीण तिवारी की अनुपस्थिति में प्रभारी तहसीलदार मोनल साय ने ज्ञापन स्वीकार किया। उन्होंने ज्ञापन की प्रति संबंधित विभाग को भेजकर समस्या के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष (शहर) एवं पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष सुनील शर्मा ने कहा कि पूर्व में कांग्रेस सरकार द्वारा समय-समय पर बांध से नहर में पानी छोड़ा जाता था, जिससे भूजल स्तर संतुलित रहता था। उन्होंने वर्तमान सरकार से भी तत्काल नहर में पानी छोडऩे की मांग की। चेतावनी देते हुए कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर पानी नहीं छोड़ा गया तो खरसिया कांग्रेस बड़ा आंदोलन करेगी।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष (ग्रामीण) मनोज गवेल ने खरसिया विधायक उमेश नंद कुमार पटेल की सराहना करते हुए कहा कि वे क्षेत्र की सबसे बड़ी समस्या गिरते भूजल स्तर को लेकर सजग हैं और अपने पदाधिकारियों के माध्यम से शासन-प्रशासन को लगातार अवगत करा रहे हैं।
विधायक प्रतिनिधि सुखदेव डनसेना ने कहा कि यदि राज्य की भाजपा सरकार वास्तव में गांव, गरीब और किसान की सरकार है तो उसे शीघ्र नहर में पानी छोडऩा चाहिए, ताकि किसानों की फसल सुरक्षित रहे और भूजल स्तर बना रहे। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी है कि समस्या का समाधान नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।


