रायगढ़

अवैध गांजा के साथ दो महिला सहित तीन आरोपी गिरफ्तार
23-Feb-2026 9:16 PM
अवैध गांजा के साथ दो महिला सहित तीन आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़, 23 फरवरी।  जिले में मादक पदार्थों की अवैध खरीदी-बिक्री पर पूर्णत: अंकुश लगाने के उद्देश्य से ऑपरेशन आघात लगातार जारी है।  इसी अभियान के तहत कल शाम थाना कोतरारोड़ एवं साइबर थाना की संयुक्त टीम ने किरोड़ीमल नगर रेलवे स्टेशन के पास घेराबंदी कर गांजा बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे दो महिला और एक पुरुष को गिरफ्तार किया।
पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि किरोड़ीमल नगर रेलवे स्टेशन के पास दो महिलाएं और एक पुरुष दो बैग में गांजा रखकर बिक्री हेतु ग्राहक खोज रहे हैं। सूचना पर थाना प्रभारी कोतरारोड़ निरीक्षक मोहन भारद्वाज ने तत्काल टीम गठित कर उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस टीम ने तीनों संदेहियों को पकडक़र विधिवत एनडीपीएस एक्ट की कार्रवाई की प्रक्रिया से अवगत कराते हुए तलाशी ली, जिसमें उनके कब्जे से गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम क्रमश: सोनी चौहान (35 वर्ष), सुमन यादव (30 वर्ष) और वासुदेव साहू (25 वर्ष) बताए। आरोपियों ने बताया कि वे 19 फरवरी को ओडिशा से लगभग 7 किलो गांजा खरीदकर लाए थे और बिक्री की तैयारी में थे। आरोपियों के कब्जे से कुल 7.110 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 70 हजार रुपये है, बरामद किया गया। साथ ही आरोपी वासुदेव साहू से 2 हजार रुपये तथा सुमन यादव से 2 हजार रुपये नगद भी जब्त किए गए।
आरोपियों द्वारा एक राय होकर ओडिशा से गांजा खरीदकर अपने कब्जे में रखना और बिक्री के उद्देश्य से परिवहन करना पाए जाने पर थाना कोतरारोड़ में धारा 20(बी), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और आज न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।


अन्य पोस्ट