रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 17 फरवरी। गाय को भगाने के दौरान यार्ड में गर्म राख की चपेट में आई वृद्धा गंभीर रूप से झुलस गई थी, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। अस्पताल से मिली तहरीर पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ कर दी है। उक्त मामला भूपदेवपुर थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार भूपदेवपुर थानांतर्गत ग्राम डोंगाढकेल निवासी झुलामति राठिया पति कन्हाई राम राठिया (60 ) सोमवार की सुबह गाय चराने के लिए जिंदल के राठौर डंपिंग यार्ड की ओर गई थी। इस दौरान गाय यार्ड के राखड़ के ढेर की ओर बढ़ी तब उसे भगाने के लिए झुलामति दौड़ी लेकिन वह स्वयं गर्म राख की चपेट में आ गई। राख के ढेर में धंस जाने से वह बुरी तरह झुलस गई थी जिसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान शनिवार की शाम को उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम उपरांत अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है। वहीं मर्ग कायम कर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है।


