रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 17 फरवरी। कोतवाली एवं साइबर थाना पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा सार्वजनिक स्थान पर युवक-युवतियों को हुक्का पिलाने की सुविधा उपलब्ध कराने वाले दुकान संचालक के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई है।
15 फरवरी की शाम थाना कोतवाली एवं साइबर थाना की संयुक्त टीम को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि रेलवे स्टेशन के पास स्थित शंकर पान एवं कॉस्मेटिक दुकान में संदेहास्पद गतिविधियां संचालित हो रही हैं। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर रेड कार्रवाई की गई। जांच के दौरान दुकान संचालक गिरीश भाठिया निवासी पक्की खोली चक्रधरनगर रायगढ़ द्वारा दुकान में सार्वजनिक रूप से युवक-युवतियों को हुक्का पीने की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही थी, जिसमें फ्लेवर युक्त तंबाकू पदार्थ का उपयोग पाया गया।
दुकान संचालक का उक्त कृत्य सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम 2003 (कोटपा एक्ट) का उल्लंघन पाए जाने पर पुलिस द्वारा दुकान में रखे हुक्का पॉट एवं फ्लेवर युक्त तंबाकू पदार्थ को जप्त कर आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई है।


