रायगढ़

धान खरीदी को लेकर आक्रोशित किसान सडक़ पर उतरे, चक्काजाम
03-Jan-2026 11:11 PM
धान खरीदी को लेकर आक्रोशित किसान सडक़ पर उतरे, चक्काजाम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 3 जनवरी।
धान खरीदी की मात्रा को लेकर किसानों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। घरघोड़ा विकासखंड अंतर्गत कुडुमकेला धान मंडी में शासन द्वारा निर्धारित 21 क्विंटल प्रति किसान धान खरीदी के निर्देश के विपरीत मंडी समिति द्वारा केवल 16 क्विंटल धान खरीदी किए जाने के विरोध में किसानों ने सडक़ पर उतरकर चक्का जाम कर दिया।

जानकारी के अनुसार, सैकड़ों की संख्या में किसान मंडी परिसर के सामने एकत्र होकर नारेबाजी कर रहे हैं। किसानों की स्पष्ट मांग है कि शासन के नियमानुसार प्रत्येक किसान से 21 क्विंटल धान की खरीदी की जाए।

आंदोलनरत किसानों ने अपनी मांगों को लेकर 50 से अधिक ट्रैक्टरों में धान भरकर मंडी परिसर एवं मुख्य सडक़ पर खड़ा कर दिया, जिससे सडक़ के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। चक्काजाम के कारण आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है और आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए घरघोड़ा नायब तहसीलदार सहोदर राम पैंकरा मौके पर पहुंचे और किसानों से चर्चा कर आंदोलन समाप्त कराने का प्रयास कर रहे हैं। समाचार लिखे जाने तक प्रभावित किसानों का चक्काजाम आंदोलन जारी रहा।


अन्य पोस्ट