रायगढ़

फल दुकान में लगी आग, काबू
02-Jan-2026 3:37 PM
फल दुकान में लगी आग, काबू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 02 जनवरी। बीती रात पावर हाउस फल मंडी स्थित श्री कृष्णा फ्रूट कंपनी में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें उठती देख आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मची। घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन और आपातकालीन सेवा दुर्ग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। दो दमकल वाहनों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया।

श्री कृष्णा फ्रूट कंपनी के संचालक डब्ल्यू पांडेय ने बताया कि आग लगने से दुकान के अंदर रखा फल, लकड़ी का बॉक्स, फर्नीचर और अन्य सामान जल कर खाक हो गया है। इस घटना से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान पहुंचा है।

आसपास के लोगों का कहना है कि दुकान मालिक शाम को दुकान बंद करते समय दीया जला कर गया था। आशंका है कि इसी से आग लगी होगी हालांकि अग्निशमन विभाग ने कहा है कि आग लगने का असली कारण अभी जांच में है और इसकी पुष्टि नहीं हुई है। घटना के बाद मौके पर पुलिस भी पहुंची और हालात का जायजा लिया।

जिला सेनानी और अग्निशमन के साथ आपातकालीन सेवा दुर्ग के प्रभारी नागेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि आग काफी तेजी से फैल रही थी और स्थिति गंभीर थी लेकिन दमकल कर्मियों की त्वरित कार्रवाई से आग को नियंत्रित कर लिया गया। करीब आधे घंटे तक लगातार पानी की बौछार कर आग को बुझाया गया। इस दौरान फायर टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन भी चलाया, ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो।

दमकल विभाग ने फल मंडी में लगी आग को आसपास की दुकानों और गोदामों तक फैलने से रोकने को प्राथमिकता दी। आग के पास बड़ी संख्या में लकड़ी के बॉक्स, प्लास्टिक कैरेट और ज्वलनशील सामग्री होने के कारण खतरा ज्यादा था। आस-पास के इलाके की बिजली काट दी गई। दमकलकर्मी दुकानों के ऊपर चढ़कर आग बुझाने में जुटे। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।


अन्य पोस्ट