रायगढ़
रायगढ़, 29 दिसंबर। कलेक्टर रानू साहू बुधवार को घरघोड़ा विकासखंड के बैहामुड़ा गौठान का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने महिला समूहों से चर्चा कर उनके द्वारा गौठान में किए जा रहे कार्यों के बारे में जानकारी ली।
सदस्यों ने बताया कि गौठान में अभी समूह द्वारा वर्मी कंपोस्ट का उत्पादन किया जा रहा है। जिसमें अब तक 3 लाख का कम्पोस्ट विक्रय किया जा चुका है। इसके साथ ही यहां कोसा धागा उत्पादन, आयस्टर मशरूम उत्पादन व मुर्गी पालन का कार्य किया जा रहा है। मशरूम उत्पादन से समूह को बढिय़ा लाभ मिला है। इसके साथ ही समूह द्वारा सामुदायिक बाड़ी का कार्य भी किया जा रहा है, इसके लिए नर्सरी तैयार की गई है। गौठान में पशुओं के चारे के लिए नेपियर घास की व्यवस्था भी की गई है।
कलेक्टर ने महिला समूह के काम की सराहना करते हुए कहा कि महिलाएं यहां अच्छा कार्य कर रही हैं। उन्होंने सभी रूरल इंडस्ट्रियल पार्क में मशरूम उत्पादन की ट्रेनिंग महिला समूहों को देने के निर्देश दिए। इस मौके पर जनपद पंचायत घरघोड़ा के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


