महासमुन्द
महासमुंद, 22 जुलाई। बीते मंगलवार को जिले के कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग को जिले के 3 शहरों को गुरूवार तक शतप्रतिशत वैक्सीनेशन करने का लक्ष्य दिया। इसमें बसना, बागबाहरा औऱ तुमगांव को शामिल किया गया। इस टारगेट का कल ही दम निकल गया। बुधवार को महासमुंद सहित इन तीनों शहरों में 61 सेंटर्स पर वैक्सीनेशन प्रोग्राम आयोजित किया गया।
बुधवार को इन 4 शहरों में लगभग 1500 लोगों को ही टीका लगाया गया। इस टारगेट के कारण ही विभाग बुधवार से सिर्फ चारों शहरों पर ही टीकाकरण आयोजित कर रहा है। फिर भी लोग सेंटर नहीं पहुंच रहे हैं। दो दिन में यानि आज गुरूवार तक तीनों शहरों के 4165 लोगों को टीका लगना है।
मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को जिला अस्पताल के टीकाकरण सेंटर में 540 कोरोना टीके उपलब्ध थे। जिसमें से सिर्फ 30 लोगों को ही टीका लगाया गया है। बसना शहर में वैक्सीनेशन के लिए 1131 लोग मंगलवार को बचे थे। जिन्हें जल्द से जल्द टीका लगाने के लिए विभाग ने 15 सेंटर के साथ 10 मोबाइल टीम का गठन किया था। लेकिन इसका नतीजा कल पहले दिन देखने को नहीं मिला।
तुमगांव में भी मंगलवार तक की स्थिति में कुल 816 लोग टीकाकरण के लिए बचे थे।
स्वास्थ्य विभाग की टीम का कहना है कि मंगलवार को जिले में कुल 270 सेंटर्स पर टीकाकरण किया गया, जहां कुल 9 हजार 494लोगों को टीका लगा था। लेकिन बुधवार को ही दृश्य में परिवर्तन आ गया। जब शहरी क्षेत्रों में ही लगभग 1500 लोगों को टीका लगाया गया।
स्वास्थ्य विभाग के अफसर इसका कारण बताते हैं कि जब कुछ ही लोग टीकाकरण के लिए बचे हैं, तो उन्हें इसके महत्व के बारे में समझाने में समय लग रहा है। कम ही लोग हैं, जो टीका नहीं लगवाना चाहते हैं औऱ उनके मन में कई तरह की भ्रांतियां हैं। हालांकि विभाग के कर्मचारियों के साथ जनप्रतिनिधि व विभिन्न संगठन लोगों को लगातार कोरोना टीका के प्रति जागरूक करने का काम कर रहे हैं।