महासमुन्द
जिले के 7 जलाशयों में महज 50 फीसदी ही पानी
छत्तीसगढ़ संवाददाता,
महासमुंद, 18 जुलाई। जुलाई महीने में अच्छी बारिश नहीं होने के कारण इस साल जिले के जलाशयों में जलभराव की स्थिति खराब है। पिछले साल इस समय तक महासमुंद के कोडार और केशवा जलाशय 50 प्रतिशत तक भर चुके थे। जुलाई महीने में अच्छी बारिश नहीं होने के कारण इस साल जिले के जलाशयों में जलभराव की स्थिति खराब है। 15 जुलाई तक जिले के मिनी जलाशय 100 फीसदी भर जाते थेए वे इस साल भर नहीं पाए हैं। वहीं जिले के दो बड़े जलाशयों कोडार और केशवा में भी इस साल काफी कम पानी है। जबकि इन दोनों जलाशय जुलाई मध्य तक 50 फीसदी जलभराव हो जाता है। जानकारी के अनुसार जिले के सबसे बड़े बांध कोडार जलाशय में वर्तमान में 23.02 प्रतिशत पानी है। जबकि पिछले वर्ष 17 जुलाई की स्थिति में यहां 53 फीसदी जलभराव था।
इसी तरह जिले के दूसरे सबसे बड़े जलाशय केशवा बांध में अभी 11.20 प्रतिशत पानी भरा हुआ है जो पिछले साल 17 जुलाई तक 50 फीसदी भर चुका था। यही कारण है कि जुलाई के शेष बचे दिनों में यदि अच्छी बारिश नहीं हुई तो गर्मी में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। क्योंकि इन्हीं जलाशयों से सितंबर के बाद फसल के लिए और गर्मियों में तालाब व रबी फसलों के लिए पानी छोड़ा जाता है।
दरअसल पिछले साल की तुलना में इस साल महासमुंद में अच्छी बारिश नहीं हुई है। इस साल अब तक जिले में कुल 232.9 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। जबकि पिछले साल 17 जुलाई तक की स्थिति में 595.2 मिमी बारिश हो चुकी थी। इसका असर अब जलाशयों में नजर आ रहा है।
जल संसाधन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार जिले में जिले में एक वृह्द कोडार, एक मध्यम केशवा व 86 मिनी व मध्यम जलाशय हैं। इसमें 86 जलाशय ऐसे हैं। जिसमें 0 से 25 प्रतिशत के बीच पानी भरा हुआ है। जबकि इनमें से 27 जलाशयों में पिछले वर्ष शतप्रतिशत जलभराव था। वर्तमान आंकड़ों के अनुसार 7 जलाशय ऐसे हैं, जहां 25 से 50 प्रतिशत, 6 जलाशयों में 50 से 75 प्रतिशत पानी है।
मौसम विभाग की मानें तो महासमुंद जिले में 20 जुलाई से अच्छी बारिश होने की संभावना है। अगले दो दिनों में मौसमी तंत्र में तेजी से बदलाव होंगे और 20 जुलाई से प्रदेश के अधिकांश जिलों में अच्छी बारिश होगी। संभावना है कि कुछ दिनों को छोड़ दें तो 14 अगस्त तक लगातार बारिश होगी। जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता जेके चंद्राकर बताते हैं कि इस साल बारिश कम होने के कारण बांधों में जलभराव की स्थिति खराब है। जो मिनी जलाशय जुलाई महीने में भर जाते थे, वहां भी 20 से 25 फीसदी ही पानी है। ऐसे में आने वाले समय में समस्या हो सकती है। बांध में जलभराव नहीं होने की स्थिति में कृषि कार्य के साथ निस्तारी की समस्या उत्पन्न हो सकती है।