महासमुन्द

महासमुंद के 99 राशन दुकानों में नहीं पहुंचा इस महीने का राशन, ठेका निरस्त होते ही नान दफ्तर पहुंचा ठेकेदार
16-Jul-2021 6:44 PM
महासमुंद के 99 राशन दुकानों में नहीं पहुंचा इस महीने का राशन, ठेका निरस्त होते ही नान दफ्तर पहुंचा ठेकेदार

नागरिक आपूर्ति दफ्तर में हंगामा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 16 जुुलाई।
ठेकेदार की लापरवाही के कारण महासमुंद जिले के 99 राशन दुकानों में इस महीने का राशन नहीं पहुंचा है। इसके चलते इन दुकानों के कार्डधारी परिवारों को इस महीने देर से चावल मिलेगा। विभाग ने जब ठेकेदार की इस लापरवाही को संज्ञान में लेते हुए ठेका निरस्त किया तो ठेकेदार एक कांग्रेस नेता को लेकर नान के दफ्तर पहुंच गया। इसके बाद कांग्रेस नेता ने दफ्तर में जमकर हंगामा किया। कांग्रेस नेता ने ठेकेदार को दोबारा काम देने का दबाव बनाया। इसके चलते गुरूवार को भी भारतीय खाद्य निगम के वेयर हाउस से चावल का उठाव नहीं हो पाया। 

इस मामले में प्रबंधक नागरिक आपूर्ति दीपिका सिन्हा ने कहा कि 1 जुलाई से नए ठेकेदार को ठेका मिला है। आगामी 3 दिनों तक वितरण कार्य हो जाएगा। विवाद पर उन्होंने कुछ भी कहने से इंकार कर दिया।

जानकारी के अनुसार इस वर्ष वेयर हाउस से जिलेभर के राशन दुकानों में चावल सहित अन्य राशन सामाग्री की सप्लाई के लिए पूर्व में टेंडर जारी किया गया था। टेंडर गर्ग ट्रेडर्स बसना को मिला। संबंधित फर्म को 1 जुलाई से वेयर हाउस से राशन का उठाव कर जिलेभर के राशन दुकानों में पहुंचाना था। ठेकेदार ने इसके लिए गाडिय़ां भी लगाई, लेकिन इसमें ऐसी ट्रकें शामिल थी, जिसका बीमा नहीं था और वे गाडिय़ां परिवहन विभाग के नियमानुसार अनफिट थी। यही कारण है कि लेबर ठेकेदार ने ऐसी गाडिय़ों पर मजदूरों से लोडिंग कराने से मना कर दिया।

राशन सप्लाई में लगातार हो रही देरी के कारण नागरिक आपूर्ति विभाग ने इसकी जानकारी उच्च कार्यालय को दी। जहां से 14 जुलाई को संबंधित ठेकेदार का ठेका निरस्त कर एल 2 निविदाकार को कार्य करने का आदेश जारी किया। उच्च कार्यालय के आदेश के बाद स्थानीय स्तर से एल 2 निविदाकार छत्तीसगढ़ रोड लाइंस को राशन दुकानों में भंडारण करने का आदेश जारी किया। इसी से नाराज होकर गर्ग ट्रेडर्स बसना का ठेकेदार गुरूवार को कांग्रेस नेता के साथ कार्यालय पहुंच गया और कार्यालय में जमकर हंगामा हुआ।

गुरूवार को नागरिक आपूर्ति कार्यालय पहुंचे गर्ग ट्रेडर्स के राजेश अग्रवाल और स्थानीय नेता पुष्कर चंद्राकर ने प्रबंधक नागरिक आपूर्ति दीपिका सिन्हा से जमकर बहसबाजी की। कांग्रेस नेता ने कहा कि सात दिन के भीतर अगर उठाव नहीं हुआ तो कार्रवाई की जाती। लेकिन अधिकारी का कहना था कि हम पहले ही समय दे चुके हैं और समय समाप्त हो चुका है। निविदा शर्तों के अनुसार ही संबंधित ठेकेदार पर कार्रवाई की गई है, लेकिन कांग्रेस नेता ने अधिकारी की एक न सुनी और करीब आधे घंटे तक जमकर बहसबाजी होती रही।

एल 2 ठेकेदार को वेयर हाउस से राशन उठाव को लेकर जारी आदेश के बाद छत्तीसगढ़ रोड लाइंस ने गुरूवार को वेयर हाउस में राशन लोड करने को लेकर गाडिय़ां लगाई। लेकिन विवाद के चलते गुरूवार को कोई भी गाडिय़ां लोड नहीं की गई। इसके चलते गुरूवार को भी दुकानों में राशन की सप्लाई प्रभावित रही।

मालूूम हो कि महासमुंद जिले में 500 से अधिक राशन दुकान हैं। इनमें से ग्रामीण क्षेत्रों में एक माह पूर्व राशन का स्टॉक करने का नियम है। बीते 1 जुलाई से गर्ग ट्रेडर्स को वेयर हाउस से राशन दुकानों में चावल पहुंचाने का ठेका दिया गया। लेकिन 14 जुलाई तक की स्थिति में ठेकेदार 99 दुकानों राशन सप्लाई नहीं कर पाया। ऐसे में नागरिक आपूर्ति निगम ने छत्तीसगढ़ स्टेट सिविल सप्लाई कार्पोरेशन को इस संबंध में जानकारी देते हुए पत्र भेजा। 

पत्र के जवाब में कार्पोरेशन ने निविदा शर्तों के अनुसार कार्रवाई करते हुए एल 2 निविदाकार को काम देने संबंधी आदेश दिया। कार्पोरेशन के आदेश के बाद स्थानीय विभाग द्वारा एल 2 निविदाकार छत्तीसगढ़ रोड लाइंस को राशन दुकानों में भंडारण करने का आदेश जारी किया है।
 


अन्य पोस्ट