महासमुन्द

शराब पकडऩे गए सिपाही से मारपीट, भाग निकले आरोपी
16-Jul-2021 6:32 PM
शराब पकडऩे गए सिपाही से मारपीट,  भाग निकले आरोपी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 16 जुुलाई।
भंवरपुर चौकी में पदस्थ एक आरक्षक से मारपीट का मामला सामने आया है। आरक्षक अवैध महुआ शराब बनाने वाले को पकडऩे की कोशिश कर रहा था, लेकिन आरोपी भाग निकले। आरोपी के साथी व्यक्तियों ने मिलकर आरक्षक की पिटाई कर दी। आरक्षक की शिकायत पर पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर लिया है। 

जानकारी के अनुसार भंवरपुर चौकी में पदस्थ आरक्षक कमल किशोर साहू बुधवार को सूचना संकलन के लिए ग्राम कुरमाडीह के लिए रवाना हुआ। यहां पुरंदर बरिहा के खेत में एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब बना रहा था। आरक्षक ने जब यह देखा तो मौके पर पहुंचकर उसे पकडऩे की कोशिश की। तभी उक्त व्यक्ति धक्का देकर मौके से भाग गया। इसी दौरान ग्राम कुरमाडीह से चार अन्य व्यक्ति मौके पर पहुंचे और आरक्षक के साथ गाली-गलौच करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरक्षक ने किसी तरह से बचकर चौकी प्रभारी को फोन पर मामले की सूचना दी। इसके बाद मौके पर टीम पहुंची। इस दौरान आसपास के लोगों ने बताया कि शराब का निर्माण करने वाले व्यक्ति का नाम फिरतू बरिहा है। वहीं आरक्षक के साथ मारपीट करने वालों में नेहरू लाल बरिहा, शंकर बरिहा, ईश्वर कोंध, परशुराम बरिहा शामिल हैं। इन सभी के खिलाफ पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने और मारपीट करने का मामला दर्ज कर लिया है।
 


अन्य पोस्ट