महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 15 जुुलाई। सरकार ने अभी यात्री किराया नहीं बढ़ाया है, बस ऑपरेटर्स को सिर्फ इसका आश्वासन ही मिला है, लेकिन ऑपरेटर्स ने अपनी ओर से मनमानी करते हुए यात्री किराया बढ़ा दिया है। सबसे ज्यादा शिकायत सरायपाली रूट की आ रही है। इसके साथ ही अन्य रूटों में भी ऑपरेटर्स ने अपनी ओर से किराया बढ़ा दिया है। जबकि शासन ने सभी रुटों के लिए निर्धारित यात्री किराया तय किया हुआ है।
ज्ञात हो कि डीजल का रेट बढ़ रहा है, लेकिन यात्री किराया सरकार की ओर से नहीं बढ़ाया गया है। कहा जा रहा है कि इससे ऑपरेटर्स को परिचालन में परेशानी हो रही है और उनका खर्च नहीं निकल पा रहा है। इसलिए ऑपरेटर्स द्वारा सरकार के तय किराया से अधिक यात्रियों से वसूल रहे हैं।
जिला परिवहन अधिकारी सीपी तिग्गा कहते हैं कि सरायपाली रूट में शिकायत मिल रही थी। बस ऑपरेटर्स को समझाइश भी दी गई थी, लेकिन ये मान नहीं रहे थे। बीते 3 व 4 जुलाई को दो से तीन बसों को चेक किया तो अधिक किराया वसूली करना पाया गया। इसके बाद दो बसों पर कार्रवाई की गई थी।
मालूम हो कि महासंघ के निर्णय पर 13 जुलाई को बसों का परिचालन बंद कर दिया गया था। पदाधिकारियों की बैठक हुई, जिसमें शासन की ओर से किराया व अन्य मांगों पर जल्द ही विचार करने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद देर रात ऑपरेटर्स ने हड़ताल वापस लिए और बसों के परिचालन को शुरू किया।
जिला बस एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष राकेश चंद्राकर कहते हैं कि किराया कितना बढ़ेगा, इसकी जानकारी नहीं मिली है, लेकिन किराया बढ़ाने का आश्वासन मंत्री ने दिया है। सरायपाली रूट में मनमानी वसूली की जा रही है, वह गलत है। शासन द्वारा निर्धारित किराया ही लिया जाएगा।