महासमुन्द
छत्तीसगढ़ संवाददाता
महासमुंद, 14 जुुलाई। मंगलवार की रात बस ऑपरेटरों की मांग शासन-प्रशासन ने मान ली है। अब महासमुंद के यात्रियों को रायपुर जाने के लिए 20-30 रुपए का अतिरिक्त भार पड़ेगा। मतलब यह कि महासमुंद से रायपुर जाने के लिए कल तक 55 रुपए लगता था, अब उसमें 20 रुपए बढक़र सीधे 75 रुपए हो जाएगा। इसी प्रकार सभी रुटों में 20 रुपए यात्री किराया बढ़ जाएगा।
बस ऑपरेटर्स की मांगें पूरी नहीं होने के कारण कल दिन भर 180 बसों के पहिए थमे रहे। देर रात सूचना मिली है कि बस मालिकों की अनिश्चितकालीन हड़ताल खत्म हो चुकी है।
कल दिन भर बस ऑपरेटर अपनी दो मांगों को लेकर अड़े रहे। उनका कहना था कि शासन-प्रशासन उनकी मांगों पर विचार नहीं कर रहा है। लगातार डीजल की कीमत बढऩे से बस ऑपरेटारों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। बस संचालन करने में एक दिन का खर्च निकलना भी मुश्किल हो गया है।
गौरतलब है कि बसों के परिचालन से बंद होने से यात्रियों को वापस खाली हाथ लौटना पड़ा, वहीं जिन्हें यात्रा करना जरुरी था वो ऑटो लेकर अपने गणतव्य की ओर रवाना हुए। क्योंकि मंगलवार को सुबह से ऑटो संचालक बस स्टैंड के ईद-गिर्द घूम-घूमकर यात्रियों को ले जा रहे थे। इस दौरान कई यात्री वापस अपने-अपने घर लौट गए।
बहरहाल हालात यह है कि कोविड के चलते लगातार दो बार लॉकडाउन होने के बाद से बसों में सवारी पर्याप्त संख्या में नहीं मिल पा रही है। महासमुंद से रायपुर व रायपुर से महासमुंद के फेरे लगाने में केवल 5 से 10 यात्री ही बैठते हैं। कोविड के गाइडलाइन के अनुसार सीट संख्या से आधी संख्या में ही यात्रियों को बस में बैठाना है।