महासमुन्द
नपा उपाध्यक्ष कहते हैं-काम अभी पूरा नहीं हुआ है, ऐसे में अधूरे काम का कैसे लोकार्पण हो जाएगा
नपाध्यक्ष कहते हंै-मंत्री ने कहा है कि लाईट चालू करें, उद्घाटन बाद में भी हो सकता है
छत्तीसगढ़ संवाददाता
महासमुंद, 14 जुुलाई। शहर के बीच से गुुजरने वाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्यूबलर पोल में लाईट जलाने को लेकर भाजपा और कांग्रेस फिर आमने सामने हैं। नपाध्यक्ष प्रकाश चंद्राकर ने विज्ञप्ति जारी कर जानकारी दी है कि मंत्री शिव डहरिया ने नपाध्यक्ष को जनता के लिए लाइट चालू करने कहा है और यह भी कहा है कि इसका उद्घाटन तो कभी भी हो जाएगा। ठीक इसके उलट नपा उपाध्यक्ष कृष्णा चंद्राक र का कहना है कि डिवाइडर पर ट्यूबलर पोल लाइट का काम अभी पूरा नहीं हुआ है। ऐसे में अधूरे काम का कैसे लोकार्पण हो जाएगा?
नपा अध्यक्ष के मुताबिक जिला मुख्यालय के मुख्य मार्ग पर 1 करोड़ 59 लाख की लागत से लगाए गए ट्यूबलर पोल और एलईडी लाइट को नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिव डहरिया ने लोगों की सुविधाओं के लिए तत्काल शुरू करने के निर्देश दिये हंै। इस संबंध में मंगलवार को नगरपालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्राकर ने मंत्री शिव डहरिया से मुलाकात की और नगरीय विकास के संबंध में विस्तृत चर्चा की। जहां मंत्री ने कहा कि स्ट्रीट लाइट शहर के लोगों की सुविधा के लिए लगाया गया है, जिसका लोकार्पण तो बाद में भी किया जा सकता है। नागरिकों को सुविधाएं देना सरकार की जिम्मेदारी है।
इस मामले में नगरपालिका उपाध्यक्ष कृष्णा चंद्राकर ने विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि डिवाइडर पर ट्यूबलर पोल लाइट का काम अभी पूरा नहीं हुआ है। ऐसे में अधूरे काम का कैसे लोकार्पण हो जाएगा? कांग्रेस के पार्षदों व एल्डरमैनों ने नपाध्यक्ष को अधूरे ज्ञान वाले नपाध्यक्ष कहते हुए नपाध्यक्ष के बयान को हास्यापद बताया है। उपाध्यक्ष कृष्णा चंद्राकर, नेता प्रतिपक्ष राशि महिलांग, विधायक प्रतिनिधि संजय शर्मा, कुमारी बाई, प्रीति मक्कड़, राजेश नेताम, निखिलकांत साहू, अमन चंद्राकर, राजू चंद्राकर, उर्मिला साहू, बबलू हरपाल, डमरूधर मांझी, जगत महानंद, एल्डरमेन सुनील चंद्राकर, जावेद चौहान, अनवर हुसैन, योजना सिंह ने जारी प्रेस नोट में कहा है कि नगरपालिका अध्यक्ष पद पर आसीन होने के बाद भी प्रकाश चंद्राकर को पालिका के अधीन होने वाले कामों के बारे में जानकारी नहीं होना उनकी अज्ञानता को दर्शाता है। नपाध्यक्ष प्रकाश चंद्राकर ने बयान जारी कर कहा जा रहा है कि खरोरा से सितली नाला तक डिवाइडर में ट्यूबलर पोल पर लाइट का काम पूरा हो गया है और विभागीय मंत्री के समय देने पर इसका लोकार्पण कराया जाएगा। जबकि हकीकत यह है कि डिवाइडर में ट्यूबलर पोल पर लाइट का काम अभी तक पूरा नहीं हो सका है। अभी हाल ही में दो जगहों पर ट्रांसफार्मर लगाया गया है। जबकि चार स्थानों रायपुर रोड में दो स्थान व कचहरी चैक के पास दो मीटर लगना शेष है। इसके लिए एक सप्ताह पूर्व ही एक लाख 38 हजार 532 रूपए का डिमांड लेटर भेजा गया है। कनेक्शन मिलने व मीटर लगने के बाद बिजली विभाग की विधिवत सूचना मिलने के बाद लाइट जलेंगीं। लेकिन नपाध्यक्ष शहर की जनता को बरगला कर शासन की छबि धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि संसदीय सचिव व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर के पहल व प्रयास से खरोरा से सितली नाला तक डिवाइडर में ट्यूबलर पोल पर लाइट के लिए राज्य शासन ने स्वीकृति दी है। लेकिन झूठी वाहवाही लूटने नपाध्यक्ष डायरेक्ट कनेक्शन से हुई लाइट की टेस्टिंग के बाद स्वयं का अभिनंदन कराने से नहीं चूके। उनके इस कथित नागरिक अभिनंदन के बाद भी अभी तक काम पूरा नहीं हो सका है। शहर विकास के लिए राज्य सरकार गंभीर है और संसदीय सचिव व विधायक विनोद चंद्राकर के प्रयास से करोड़ों रुपए की सौगात मिली है। नगर में हो रहे विकास कार्यो को नपाध्यक्ष पचा नहीं पा रहे हैं और जनता को झूठी जानकारी देकर बरगला रहे हैं। बहरहाल शहर की आबादी दोनों ही राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों का कार्यकलाप देख रही है।