महासमुन्द

सीमेंट पोल टूटे-फूटे, फिर भी लग गए खराब पोल होंगे वापस—डीएफओ
13-Jul-2021 5:03 PM
सीमेंट पोल टूटे-फूटे, फिर भी लग गए खराब पोल होंगे वापस—डीएफओ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा,13 जुलाई।
वनों के संरक्षण के लिए लगाए गए सीमेंट पोल लगते ही गिरने लगे हंै। वहीं इस संबंध में डीएफओ का कहना है कि खराब पोल वापस किये जाएंगे। यदि खराब लगाए गए होंगे तो कार्रवाई की जाएगी।

मिली जानकारी के अनुसार वन विभाग द्वारा प्रदेश भर में वनों के संरक्षण हेतु जंगलों में सीमेंट पोल के साथ कंटीली तार लगाई जा रही है। कैम्पा मद से स्वीकृत उक्त कार्य में गड़बड़ी के आरोप लग रहे हंै। जिले में अनेक स्थानों पर चल रहे कार्यों एवं मटेरियल को देखने से इसकी गुणवत्ता अत्यंत निम्न स्तरीय दिखाई दे रही है।

बताया जा रहा है कि कैम्पा मद से वन संरक्षण हेतु लगाए गए कंटीली तार एवम सीमेंट पोल अत्यंत निम्न स्तरीय दिखाई दे रहे हैं। टूटे-फूटे गुणवत्ता विहीन सीमेंट पोल को जस का तस जमीन में गाड़ कर उसमें कंटीली तार लगाई गयी है। अब मौके में देखने पर वर्तमान में ही माह भर के भीतर लगाए गए पोल गिरे पड़े दिखाई दे रहे हैं, जिससे कार्य की गुणवत्ता का भी पता चलता है। 

इधर जिले के वन मण्डलाधिकारी पंकज राजपूत ने मीडिया से उक्त मामले में चर्चा करते हुए बताया कि पोल सी एस आई डीसी एप्प से टेंडर के जरिये खरीदे जाते हैं। वनोपार्जन एवं वन संरक्षण हेतु होने वाले इस कार्य में खराब पोल आने पर उसे वापस किया जाता है। जिले में दो स्थानों पर गुणवत्ताविहीन पोल सप्लाई के बाद उसे वापस किया जा चुका है। वर्तमान कार्य की भी मॉनिटरिंग की जा रही है, इसमें खराब पोल वापस किये जायेंगे, यदि खराब लगाए गए होंगे तो कार्रवाई की जाएगी।

 


अन्य पोस्ट