महासमुन्द
जांच के बाद होगी प्राथमिकी-टीआई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 7 जुलाई। समीप के परसापाली एवं मुनगासेर के दो ग्रामीण एक दैनिक अखबार के विज्ञापन के आधार पर आवेदन कर ठगी का शिकार हो गए। प्रार्थियों द्वारा स्थानीय पुलिस में कार्रवाई के लिए आवेदन दिया गया है। थाना प्रभारी केशव कोसले द्वारा घटना की पुष्टि करते हुए जांच के बाद प्राथमिकी दर्ज करने की बात कही है।
थाने में शिकायत दर्ज करवाने आयी परसापाली की कमला ध्रुव एवं मुनगासेर के राकेश ध्रुव ने पिथौरा पुलिस को बताया कि विगत दिनों एक प्रतिष्ठित दैनिक अखबार में राष्ट्रीय कृषि अनुसंधान संस्थान द्वारा प्रकाशित विज्ञापन में 5370 रिक्त पदों को भरने के लिए आवेदन आमंत्रित किये गए थे। इस विज्ञापन में कृषि ग्राम अधिकारी, कार्यकर्ता सहायक कंप्यूटर ऑपरेटर एवम क्लर्क के पद थे। इसमें शैक्षणिक योग्यता भी कक्षा 10 से ही चालू थी। जिसे देख कर प्रार्थियों ने विज्ञापन के अनुसार ऑनलाइन आवेदन कर दिया। आवेदन के तत्काल बाद ही प्रार्थियों के पास उनकी नौकरी पक्की होने का मैसेज आया और उनसे रजिस्ट्रेशन शुल्क 2450 रुपये जमा करने कहा गया। जिसे आवेदकों द्वारा दिये गए केनरा बैंक के खाता नम्बर 2823101005650 में जमा करवा दिए गए। रजिस्ट्रेशन के बाद मोबाइल नम्बर से दिल्ली निवासी बताने वाले कि अशोक अग्रवाल का 7065426077 से कॉल आया और आवेदकों को सुरक्षा निधि 5500 के साथ बीमा हेतु 6000 रुपये और उक्त खाते में जमा करने कहा गया। इसके अलावा आवेदकों को बताया गया कि प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें नियुक्ति पत्र एवम लैपटॉप,आईं पेड एवं आईं कार्ड पोस्ट से भेज दिया जाएगा।
आवेदकों द्वारा अशोक अग्रवाल द्वारा बताई गई प्रक्रिया पूरी करते हुए सामग्री आने का इंतजार करते रहे, परन्तु माह भर बाद भी ज़ब सामग्री नही आई और मोबाइल से भी बात बन्द हो गयी, तब इन्हें आने ठगे जाने का एहसास हुआ और इन्होंने पुलिस थाना पिथौरा में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
उक्त मामले में स्थानीय थाना प्रभारी केशव कोसले ने बताया कि ठगी के मामले में आवेदन मिला है। आवेदन पर सायबर सेल की सहायता से जांच कर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।