महासमुन्द
खेत से अस्थाई बिजली तार हटाने की मांग की थी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 जुलाई। जिले के खल्लारी विधानसभा के ग्राम सोनामुंदी में बीते दिनों विद्युत के अस्थायी कनेक्शन के तार की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई।
मालूम हो कि मौत से पहले इसी ने अस्थायी कनेक्शन लेने वाले व विद्युत विभाग को अस्थाई बिजली के तार को अपने खेत से हटाने की कई बार मांग की थी। तब न तो विद्युत विभाग ने सुनवाई की और न ही कनेक्शन लेने वाले ने। अंतत: शनिवार को 28 वर्षीय कौशल साहू पिता स्व.गंगाराम साहू की बिजली तार की चपेट में आने से मौत हो गई।
जानकारी मिली है कि गांव के ही उमाराम पटवा के जीजा लालाराम पटवा बावनसरा ने सोनामुंदी में कृषि के लिए जमीन ले रखी है। उसी में ही कृषि कार्य के लिए अस्थायी विद्युत कनेक्शन लिया गया है। जिसकी तार मृतक कौशल साहू के खेत के बीच से ही होकर गुजरती है। इसी तार की चपेट में आने से युवक की मौत हुई है। मृतक के चाचा दीनदयाल साहू ने कोमाखान थाने में शिकायत दर्ज कराई है। मामले की जांच जारी है।