महासमुन्द

डीएमसी पर दुव्र्यवहार का आरोप, कार्रवाई की मांग
05-Jul-2021 5:42 PM
डीएमसी पर दुव्र्यवहार का आरोप, कार्रवाई की मांग

फेडरेशन ने डीईओ को सौंपा ज्ञापन 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 जुलाई।
मोहल्ला क्लास के निरीक्षण में पहुंचे डीएमसी (जिला मिशन समन्वयक) पर शिक्षकों ने दुव्र्यवहार करने का आरोप लगाया है। आज 5 जुलाई सोमवार को जिला शिक्षा फेडरेशन ने जिला शिक्षा अधिकारी को डीएमसी पर कार्रवाई को लेकर ज्ञापन सौंपा। 

फेडरेशन ने कहा कि कोरोना काल में भी पूरी ईमानदारी से काम करने वाले सहायक शिक्षकों का डीएमसी ने अपमान किया है। डीएमसी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर चरणबद्ध तरीके से आंदोलन करने का निर्णय भी लिया गया है। 

फेडरेशन के जिलाध्यक्ष ईश्वर चंद्राकर ने बताया कि कोरोना काल में भी विभिन्न कार्यों में लगे शिक्षकों का अधिकारी अपमान कर रहे हैं। महासमुंद जिले में पढ़ाई तुंहर द्वार के तहत मोहल्ला क्लास का संचालन प्राथमिक स्तर पर बेहतर रूप से चल रहा है। लेकिन अधिकारी सहायक शिक्षकों का अपमान कर रहे हैं। एक तरफ स्कूल शिक्षा मंत्री पुरस्कार देने की घोषणा कर रहे हैं, दूसरी तरफ अधिकारी द्वारा बिना काम का वेतन लेने की बात कही जा रही है।

संघ के मुताबिक सहायक शिक्षक द्वारा लिखे पत्र के माध्यम से जानकारी मिली कि गत 2 जुलाई को डीएमसी सतीश नायर, बीआरसीसी व संकुल समन्वयक के साथ 10.30 से 11 बजे के बीच सोरिद के मोहल्ला क्लास पहुंचे। यहां सरकारी प्राथमिक स्कूल के शिक्षकों द्वारा सामूहिक रूप से बच्चों को पढ़ाया जा रहा था। इसी दौरान डीएमसी ने बातचीत के दौरान कहा कि तुम लोगों को दो वर्षों से बिना काम के बैठे-बैठे वेतन मिल रहा है, कुछ काम भी नहीं करते।

 इस संबंध में प्राथमिक शाला के शिक्षकों ने फेडरेशन को शिकायती पत्र लिखा है और उक्त आरोप लगाया है। सोमवार को जिला शिक्षा फेडरेशन ने जिला शिक्षा अधिकारी को डीएमसी पर कार्रवाई को लेकर ज्ञापन सौंपा। 

इस दौरान कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष सिराज बक्श, प्रदेश महामंत्री आदित्य गौरव साहू, प्रदेश विधिक सलाहकार बीपी मेश्राम, प्रदेश सह सचिव बनमोती भोई, जिला महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष कावेरी वैष्णव, ब्लॉक महिला प्रकोष्ठ बागबाहरा अध्यक्ष दीपाली वर्मा, प्रकाश बघेल, तुलसी पटेल, आत्मा राम साहू, सुशील प्रधान, विजय राजपूत, लोकेश्वर मोगरे, दिनेश भैया, सुदर्शन साहू, पीताम्बर पाठक, जितेंद्र चन्द्राकर, संदीप साहू, लव निलमर्कर के साथ अन्य पदाधिकारी व सदस्य बड़ी संख्या में शामिल हुए।
 


अन्य पोस्ट