महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 30 जून। नगरपालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्राकर ने मंगलवार को एक पत्रकार वार्ता में कहा कि हमर सरकार हमर द्वार अभियान के दौरान संसदीय सचिव एवं विधायक ने शहर के सिर्फ 8 वार्डों का ही भ्रमण किया। अब अधोसंरचना मद से उन्हीं वार्डों के 45 विकास कार्यों के लिए नगरीय प्रशासन मंत्री से 1 करोड़ 55 लाख 57 हजार के लिए ध्यान आकर्षित करा रहे हैं।
प्रकाश चंद्राकर ने कहा कि शहर के अन्य वार्डों से भेदभाव क्यों किया जा रहा है? शहर के अन्य वार्डों में अधोसंरचना मद की आवश्यकता 30 वार्डों में ना हो कर 15 वार्डों में सीमित है। जिन 15 वार्डों को विकास से अछूता रखा जा रहा है क्या यहां निवासरत आम जनता कांग्रेस पार्टी का मतदाता नहीं है? या फिर शहर विकास की जो गाथा गढ़ी जा रही है वो सिर्फ कांग्रेस पार्षदों के वार्ड के हैं या फिर संसदीय सचिव ने शहर विकास का पैमाना तय कर चुका है कि विकास किन वार्डों का होगा?
नगर पालिका अध्यक्ष श्री चंद्राकर ने संसदीय सचिव एवं विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर द्वारा अधोसंरचना मद से शहर विकास कार्यों की मीडिया में प्रकाशित खबर पर कई सवाल खड़े करते हुए कहा कि, शहर के सभी वार्डों में विकास कार्यों की आवश्यकता है। लेकिन हमर सरकार हमर द्वार अभियान के लिए अधोसंरचना मद से 8 वार्डों में करीब 1 करोड़ 27 लाख और अन्य 8 वार्डों में करीब 27 लाख की राशि की मांग नगरीय प्रशासन मंत्री से किया जा रहा है। शेष 14 वार्डों में फंड की कमी से विकास की गति थम गई है।
क्या इन 14 वार्डों में निवासरत लाखों जनता कांग्रेस का मतदाता नहीं है? पालिका अध्यक्ष श्री चंद्राकर ने कहा छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार आने के बाद भारतीय जनता पार्टी बहुमत के साथ नगर पालिका अध्यक्ष बनाए जाने के पश्चात 2020 में पूरे प्रदेश के नगर निगम, नगर पालिका तथा नगर पंचायत को अधोसंरचना मद की राशि दी गई। लेकिन गंदी राजनीति के कारण महासमुंद नगर पालिका को इससे बंचित रखा गया। परंतु 2020-21 में 8 वार्डों के लिए अधोसंरचना मद से राशि की मांग की जा रही है । इससे कांग्रेस सरकार की मंशा समझा जा सकता है।
पालिका अध्यक्ष ने कहा कि नगर पालिका के सभी सभापति एवं पार्षदों की अनुशंसा पर 14वें वित्त से संपूर्ण नगर विकास की योजना बनाई। इनमें नेशनल हाईवे 353 पर 1 करोड़ 59 लाख की लागत से ट्यूबलर पोल, हाईमास्क लाइट, स्काई लिफ्ट, टाटा टिप्पर, मेन्युअल रिक्शा, 1 करोड़ 30 लाख से सीसी रोड संपूर्ण वार्डों में तथा सवा करोड़ की लागत से 5 लाख लीटर पानी टंकी का निर्माण किया जाना है। जबकि नगर पालिका के पास फंड की कमी के बावजूद अल्प संसाधन से शहर को तीन समय पानी देने की व्यवस्था भी वर्तमान परिषद ने की है।