महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 29 जून। जून महीने के 28 दिनों में गांजा तस्करी के 10 मामले सामने आ चुके हैं और इन मामलों में 20 तस्करों को पकड़ा जा चुका है। इन तस्करों से कुल 26.67 क्विंटल गांजा जब्त किया गया है।
सोमवार को सांकरा पुलिस ने लगातार तीसरी बार दो व्यक्तियों को गांजा तस्करी करते हुए गिरफ्तार किया है। ये दोनों बाइक में गांजा तस्करी कर रहे थे। तस्कर ओडिशा से गांजा लेकर लवन कसडोल जिला बलौदाबाजार जा रहे थे।इनके पास से पुलिस ने 10 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत 1 लाख रुपए बताई जा रही है।
थाने से मिली जानकारी के अनुसार गांजा तस्करी के आरोप में वार्ड 2 बिलाईगढ़ जिला बलौदाबाजार निवासी गौतम साहू (30) एवं वार्ड 10 लवन थाना कसडोल जिला बलौदाबाजार निवासी चंद्रप्रसाद साहू उर्फ लाला (25) वर्ष को गिरफ्तार किया है।
दोनों बाइक क्रमांक सीजी 04 एलयू 8045 में सवार थे और एनएच- 53 में बल्दीडीह चौक के पास वाहनों की चेकिंग के दौरान पकड़े गए।
पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सभी थाना और चौकियों को अलर्ट कर दिया गया है। महासमुंद पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
इसी तरह सांकरा पुलिस लगातार गांजा तस्करों पर कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने पिछले 6 दिन में तीसरी कार्रवाई की है। पहली कार्रवाई 23 जून को हुई थी,जिसमें दो बाइक सवार से 1.80 लाख कीमत का 18 किलो गांजा जब्त किया था। 26 जून को फिर से वाहन चेकिंग के दौरान बाइक सवार से 70 हजार कीमत का 7 किलो गांजा जब्त किया था।
जून महीने में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में अवैध गांजा तस्करी के 10 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इसमें 20 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। इन तस्करों से पुलिस ने करीब 26.67 क्विंटल गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत करीब 5 करोड़ रुपए आंकी गई है।
पुलिस लगातार गांजा तस्करों पर कार्रवाई कर रही है। सबसे ज्यादा प्रकरण सीमावर्ती क्षेत्र के थानों में दर्ज की गई है। इसमें कोमाखान, पिथौरा, सांकरा, बसना व सिंघोड़ा शामिल है।
पुलिस की माने तो जून और जुलाई महीने में गांजे की सबसे ज्यादा तस्करी होती है। इस वक्त बारिश का समय रहता है और पुलिस को चकमा देकर भाग निकलने में आसानी होती है। बारिश की वजह से चेकिंग भी कम होती है। साल 2020 के जून महीने में भी महासमुंद पुलिस ने गांजा के 16 प्रकरण दर्ज किए थे। इस साल जून महीने में 10 प्रकरण दर्ज हो गए हैं।