महासमुन्द
महासमुंद, 27 जून। राष्ट्रीय राजमार्ग 53 थाना तोरला चौक पटेवा के पास ट्रेलर की ठोकर से बाइक सवार की घटना स्थल पर मौत हो गई। वहीं पीछे बैठा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। डायल 112 की टीम ने घायल को इलाज के लिए पटेवा स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपी चालक व ट्रेलर को अपने कब्जे में ले लिया है। मृतक व घायल बया कसडोल क्षेत्र के रहने वाले हैं। दोनों किसी काम से पटेवा आए थे, जो वापस घर जा रहे थे। पटेवा थाने से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम ढेबीखार थाना बया कसडोल निवासी यशवंत बरिहा पिता कलीराम 26 साल अपने दोस्त देवकुमार ठाकुर के साथ काम से पटेवा आया था। काम खत्म होने के बाद दोनों बाइक से वापस गांव जा रहे थे।
दोपहर 3 बजे दोनों तोरला चौक के पास पहुंचे थे कि ट्रेलर क्रमांक सीजी 04 एमबी 0701 के चालक तेज एवं लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए बाइक को पीछे से ठोकर मार दिया।
इससे बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। बाइक में सवार यशवंत बरिहा को गंभीर चोट आने के कारण उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक के पीछे सवार देवकुमार ठाकुर को गंभीर चोटें आई है। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम घटना स्थल पहुंची और घायल को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने ट्रेलर को भी अपने कब्जे में लिया।