महासमुन्द
जिले में रोज लक्ष्य के साथ चलाया जा रहा है अभियान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 26 जून। शुक्रवार को जिले में 300 सेंटर्स पर लोगों को कोरोना टीका लगाया गया है। देर शाम तक जिले में लगभग 8 हजार लोगों को कोरोना टीका लगाया गया। गौरतलब है कि गत 21 जून से विभाग रोजाना ज्यादा लक्ष्य के साथ वैक्सीनेशन अभियान चला रही है और वर्तमान में वैक्सीन की उपलब्धता भी पर्याप्त मात्रा में हो रही है, जिससे रोजाना बड़ी संख्या में लोगों को टीके लगाए जा रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार शाम 5 बजे तक कुल 7500 टीके लगाए गए थे। इसमें 45 प्लस कैटेगरी में 659 को प्रथम व 1929 को दूसरा डोज लगाया गया था। बांकी के सभी टीके 18 प्लस कैटेगरी में कोविशील्ड का प्रथम डोज लगाया गया है।
जानकारी के अनुसार गत 21 तारीख से केंद्र सरकार के दिशा-निर्देश पर सभी वर्गों का टीकाकरण किया जा रहा है, वहीं 21 तारीख से ही जिले में वैक्सीनेशन सेंटर की संख्या लगभग दोगुनी कर दी गई है, साथ ही एक स्वास्थ्य केंद्र को एक दिन में दो स्थानों पर वैक्सीनेशन करने के लिए कहा गया है ताकि अलग-अलग जगहों पर अधिक से अधिक लोगों को टीका लगाया जा सके।
विभागीय जानकारी के अनुसार जिले को स्टेट द्वारा जांजगीर से 25 हजार टीका प्रदान करने के निर्देश दिए गए थे। इस टीके को लाने के लिए शाम को ही महासमुंद से गाड़ी भेज दी गई थी, जो देर रात तक महासमुंद पहुंची। इस टीके को रात में ही संबंधित वैक्सीनेशन सेंटर में बटवाया गया ताकि आज शनिवार का टीकाकरण सुचारू रूप से संचालित हो सके। विभाग का कहना है कि 21 तारीख के पहले से ही महासमुंद को लगातार टीके मुहय्या कराया जा रहा है। जिसे पूरी रफ्तार से शतप्रतिशत वैक्सीनेशन के लक्ष्य से साथ लोगों को लगाया जा रहा है।
मालूम हो कि गुरूवार 24 जून को जिले में 310 स्थलों पर कोविड का वैक्सीनेशन सत्र आयोजित किया गया। इस सेंटर्स पर देर शाम तक वैक्सीनेशन किया गया। जहां कुल 15329 लोगों कोरोना टीका लगाया गया। इतने बड़े लक्ष्य को एक ही दिन में टीका लगाने के लिए कलेक्टर डोमन सिंह ने सभी अधिकारी व कर्मचारियों को बधाई दी है। गुरूवार को सर्वाधिक वैक्सीन बागबाहरा ब्लॉक में 4015 वैक्सीन लगाई गई। वहीं महासमुंद ब्लॉक में 3013, बसना ब्लॉक में 2499, पिथौरा 2270 और सरायपाली में 3532 लोगों को टीका लगाए गए जिसमें 18 प्लस और 45 प्लस दोनो ही कैटेगरी के लाभार्थी शामिल हैं।