महासमुन्द

शराबबंदी का वादा कर सरकार में आई कांग्रेस ने आज अपने ही लोगों को मरने के लिए छोड़ दिया -दुष्यंत
26-Jun-2021 7:07 PM
 शराबबंदी का वादा कर सरकार में आई कांग्रेस ने आज अपने ही लोगों को मरने के लिए छोड़ दिया -दुष्यंत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 26 जून। शराबबंदी का वादा कर सरकार में आई कांग्रेस ने आज अपने ही लोगों को मरने के लिए छोड़ दिया है। शराब के कारण ही परेशान होकर महासमुंद के बेमचा की एक महिला अपनी पांच बेटियों के साथ ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जान दे देती है। बावजूद इसके सरकार अपना वादा नहीं निभा पा रही है। सरकार में बैठे लोग उनके प्रति संवेदना भी व्यक्त नहीं कर पाते। ऐसी सरकार के खिलाफ  सभी को लामबंद होकर उनकी विफलताओं को जन-जन तक पहुंचाना होगा। यह कहना है भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री और राज्यसभा सांसद दुष्यंत गौतम का। वे शुक्रवार को एक दिवसीय प्रवास पर महासमुंद पहुंचे थे।

भाजपा कार्यालय में दुष्यंत गौतम ने कार्यकर्ताओं से कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यों से देश लगातार प्रगति कर रहा है। देश की महिलाओं को हमने धुएं से मुक्ति दी। नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद से सेना को राफेल, अत्याधुनिक हेलीकॉप्टर सहित अन्य सामग्री प्रदान की गई।

इस अवसर पर उपस्थित जनों को भारतीय जनता पार्टी की जिला अध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी ने प्रस्तावना के बारे में बताया कि वे केंद्र सरकार की उपलब्धि को लेकर बूथ लेवल पर लेकर जाएं। कार्यकर्ताओं से दुष्यंत गौतम ने कहा कि केंद्र सरकार की सभी उपलब्धियों को लेकर हमें बूथ लेवल पर जाना होगा। कार्यकर्ताओं के बल पर ही एक बार फिर मोदी सरकार बनेगी। प्रदेश सरकार की विफलताओं के बारे में भी हमें सभी को बताना होगा। जबकि सांसद चंदूलाल साहू ने बूथ पर जाकर बैठक की और कार्यकर्ताओं के साथ बैठकर भोजन भी किया।

राष्ट्रीय महामंत्री के इस कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य शंकर अग्रवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह गोल्डी, पूर्व विधायक पूनम चंद्राकर, परेश बागबाहरा, त्रिलोचन पटेल, पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर मंच के नीचे बैठे रहे।


अन्य पोस्ट