महासमुन्द

तेज धूप और उमस में टीका लगवाकर पेड़ के नीचे ही आराम करते रहे मजदूर
23-Jun-2021 7:09 PM
तेज धूप और उमस में टीका लगवाकर पेड़ के नीचे ही आराम करते रहे मजदूर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 23 जून। महासमुंद जिले में कोरोना वैक्सीनेशन के लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने अजब-गजब फरमान जारी किया है। जारी फरमान के अनुसार मनरेगा मजदूरी स्थल पर जाकर स्वास्थ्यकर्मियों को मजदूरों को टीका लगाना होगा। सोमवार की रात को आनन-फानन में ये आदेश जारी किया गया है। अत: जारी आदेश के अनुसार कल जिले के 20 मनरेगा कार्यस्थलों पर टीकाकरण आयोजित किया गया। 

जानकारी अनुसार स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने विभागीय कर्मचारियों को इस संबंध में कोई लिखित आदेश नहीं दिया, केवल मौखिक आदेश देकर वैक्सीनेशन प्रोग्राम मनरेगा स्थल में आयोजित किया गया। कई कर्मचारियों ने इस तरह खुले में धूलभरे कार्यस्थल पर वैक्सीनेशन का विरोध भी किया है।

मंगलवार को जिले के कुल 20 मनरेगा स्थलों पर टीकाकरण किया गया। इसमें प्रत्येक ब्लॉक से 4 मनरेगा स्थल को चयनित किया गया था। इसकी शुरुआत सुबह 8 बजे से ही हो गई थी। चिह्नांकित स्थानों पर मंगलवार को कुल 113 श्रमिकों को टीका लगाया गया। कल की सुबह तेज धूप और उमसभरी थी। ऐसे में मजदूर टीका लगवाकर पेड़ के नीचे ही आराम करते रहे।
कर्मचारी संघ के सुरेश पटेल ने इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री को ट्वीट भी किया है। उन्होंने बताया कि जिले में टीकाकरण गाइडलाइन के विपरीत मौखिक आदेश पर मनरेगा में सुबह 7.30 बजे कोविड वैक्सीनेशन खाली पेट लगाने कर्मचारियों को बाध्य किया जा रहा है। 
इस मामले में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.एन के मंडपे ने कोई जवाब नहीं दिया, लेकिन कलेक्टर डोमन सिंह ने कहा कि शिविर को लेकर जबरिया भ्रम फैलाया जा रहा है। जिस गांव में शिविर आयोजित किया जा रहा है, वहीं मनरेगा का काम चल रहा है। ऐसे में एक साथ मजदूरों को वैक्सीन भी लगाया जा रहा है। वैसे भी बारिश शुरू हो गई है और अब मनरेगा का काम भी बंद हो जाएगा।
स्वास्थ्य संयोजक कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष प्रवीण रात्रे ने कहा कि मनरेगा कार्य स्थल पर कोविड टीकाकारण सत्र का आयोजन किया जाना अनुचित है। इस स्थल पर कर्मचारी-लाभार्थी कहां बैठेंगे, लैपटॉप कैसे ऑपरेट होगा, शासन के गाइडलाइन में होम टू होम जाकर टीका लगाने की सिफारिश भी नहीं की गई है। इसके लिए कोल्ड चैन भी मेंटेन करना पड़ता है और एईएफआई होने पर मैनेज भी करना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि वैक्सीन लगने के बाद 30 मिनट तक लगाने वालों को अवलोकन में रखना होता है, ये सब कैसे संभव है? यदि टीका लगाने वाले व्यक्ति को कुछ होता है तो इसकी जिम्मेदारी मनरेगा स्थल पर कौन लेगा? उन्होंने कहा कि इसके स्थान पर उक्त ग्राम में सत्र आयोजित किया जाए और रोजगार सहायक-सचिव से मनरेगा मजदूर लाभार्थी को सत्र स्थल पर मोबिलाइज कर वैक्सीन का लाभ देना चाहिए। इस प्रकार केवल कर्मचारियों को विपरीत परिस्थितियों में झोंक दिया जा रहा है। 

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय-भारत सरकार की ओर से बीते 6 अप्रैल को वैक्सीनेशन के संबंध में पत्र जारी किया गया था। इसी निर्देश का पालन करने के लिए छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य विभाग ने सभी सीएमएचओ को पत्र जारी किया था। जारी पत्र के अनुसार वैक्सीनेशन सेंटर्स उस स्थान को बनाया जाए, जहां तीन कमरे उपलब्ध हो। इसमें कहा गया था वेटिंग रूम, वैक्सीनेशन रूम और ऑब्जर्वेशन रूम होना अनिवार्य है। वैक्सीन लगने के बाद ऑब्जर्वेशन रूम में 30 मिनट तक वैक्सीन लगवाने वाले को ऑब्जर्वेशन में रखना होगा।
जिले में कुल 319542 लोगों को टीका लगा है। इसमें 252132 लोगों को पहली व 67410 को दूसरी डोज लगाई गई है। इनमें 67500 की संख्या 18 वालों की है। वहीं 21 जून को शुरू हुए टीकाकरण महाभियान में 18़ के कुल 4300 लोगों को टीका लगाया गया। कल मंगलवार को 17 हजार से अधिक टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया था।

 


अन्य पोस्ट