महासमुन्द

थानेदार और प्रभारी ध्यान रखें कि कोई भी शिकायत या घटना सामने नहीं आनी चाहिए-एसपी
22-Jun-2021 7:51 PM
थानेदार और प्रभारी ध्यान रखें कि कोई भी शिकायत या घटना सामने नहीं आनी चाहिए-एसपी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 22 जून।
तुमगांव पुलिस द्वारा रिश्वत लेते हुए वीडियो वायरल होने की घटना के दो दिन बाद ही कल पुलिस अधीक्षक ने जिले के सभी थाने और चौकियों के प्रभारियों की बैठक ली। तुमगांव की घटना पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की, साथ ही बैठक में उन्होंने दो टूक कहा कि ऐसी कोई भी घटना सामने आई या फिर थानेदार के संबंध में पैसे के लेन-देन की कोई भी शिकायत आई, तो सीधे कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि हमारा काम लोगों को सुरक्षा और उनकी समस्याओं को दूर करना है। इस तरह की हरकतों से पुलिस की छवि खराब होती है। इसलिए सभी थानेदार और प्रभारी ध्यान रखें कि इस प्रकार की कोई भी शिकायत या घटना सामने नहीं आनी चाहिए।

 सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों की बैठक आयोजित की गई। छ: घंटे तक चली इस मैराथन बैठक चली में पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने एक-एक थाने की बारी-बारी से कामकाज की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान संबंधित थानेदार को आवश्यकतानुसार निर्देशित किया गया।  

एसपी प्रफु ल्ल कुमार ठाकुर ने बताया कि बैठक में पेंडिंग मामलों की निकासी, महिला संबंधी अपराध पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने धारा 363 के मामलों में दस्तायाब, गंभीर अपराधों की विवेचना के संबंध में निर्देश दिए। 
बैठक में एडिशनल एसपी मेघा टेंभुरकर, सभी अनुविभाग के एसडीओपी, थानेदार और चौकी प्रभारी मौजूद थे। बैठक में सभी थाना और चौकी प्रभारियों को कुछ कॉमन टास्क भी दिए गए हैं। इसमें सभी को फील्ड पर काम करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी तरह चोरी की बढ़ती घटनाओं के लिए रात्रि गश्त बढ़ाने, फि क्स प्वाइंट ड्यूटी लगाने के निर्देश भी दिए गए साथ ही साइबर पोर्टल में आने वाली शिकायतों पर भी विशेष रूप से ध्यान देने के लिए कहा गया है।


अन्य पोस्ट