महासमुन्द

मानसिक कमजोर व्यक्ति की जमीन को अपने नाम रजिस्ट्री कराया
22-Jun-2021 7:49 PM
मानसिक कमजोर व्यक्ति की जमीन को अपने नाम रजिस्ट्री कराया

    आरोपियों पर जल्द ही एफ आईआर की मांग     

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 22 जून।
सरायपाली में फ र्जी तरीके से मानसिक रूप से कमजोर व्यक्ति की जमीन को अपने नाम रजिस्ट्री कराने का मामला सामने आया है। इसकी जानकारी मिलते ही भूमि स्वामी के परिजनों ने पंजीयन भूमि के नामांतरण पर रोक लगाने और आरोपियों पर एफ आईआर दर्ज कराने की मांग की है। परिजनों ने इसके लिए अपर कलेक्टर व एसपी से गुहार लगाई है। पूरा मामला सरायपाली का है।

मामले के संबंध में सुक्रांति प्रधान पडक़ीपाली थाना सोहेला का कहना है कि उसका पति सनातन प्रधान (56) सरायपाली में अकेले रहता है। उसकी मानसिक स्थिति कमजोर है। इसी का फायदा उठाकर सरायपाली निवासी जगदीश प्रधान पिता बिरंची, भरत प्रधान पिता बिरंची, नरेश प्रधान पिता बिरंची ने मिलकर सनातन प्रधान पिता बंशीधर की जमीन को अपने नाम करा लिया। आरोप है कि क्रेतागणों ने सनातन प्रधान को चेक थमाकर जमीन पंजीयन कराने के लिए उसे सरायपाली उप पंजीयन कार्यालय ले गए और गवाही में हस्ताक्षर करना है कहकर उससे रजिस्ट्री के पेपर में दस्तखत करा लिया। इसके बाद पंजीयक को गुमराह कर जमीन का पंजीयन भी करा लिया। बाद में सनातन प्रधान के वारिसानों को मामले की जानकारी हुई तो उन्होंने आपत्ति लगाई है।

जानकारी के अनुसार सरायपाली अनुविभाग के ग्राम सरायपाली में सनातन पिता बंशीधर के नाम 1.181 हेक्टेयर की जमीन खाली पड़ी है। इस जमीन को क्रेतागणों ने 21 मार्च को अपने नाम कराया और उक्त जमीन की खोदाई कर रहे थे, तभी इसकी जानकारी सनातन प्रधान की पत्नी सुक्रांति प्रधान, पुत्र धर्मेन्द्र प्रधान व उसकी पुत्री सुनीता प्रधान को हुई। क्रेतागणों पर जल्द ही एफआईआर दर्ज करने की मांग पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर से की गई है।

 उन्होंने बताया कि विक्रेता की मानसिक स्थिति को जानते हुए भी क्रेता के द्वारा उनके अन्य उत्तराधिकारी और वारिसानों से संपर्क किए बिना उनकी जमीन को फर्जी ढंग से रजिस्ट्री कर अपने नाम से प्रमाणीकरण करवाने का प्रयास किया जा रहा है, जो कि गलत एवं विधि विरुद्घ है। 

 


अन्य पोस्ट