महासमुन्द
देर शाम तक जिले में 5500 से अधिक लोगों को लगा टीका
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 22 जून। सोमवार से चालू देशभर में टीकाकरण महाभियान के साथ ही जिले में सर्वाधिक सेंटर में लोगों को टीका लगाया गया। इसके तहत जिले के कई सेंटर में देर रात तक टीकाकरण चलता रहा।
मिली जानकारी के अनुसार देर शाम 6.30 बजे तक जिले में 5500 से अधिक लोगों को टीका लगाया जा चुका था, जिसमें लगभग 4900 की संख्या में 18 प्लस के लोग शामिल थे। जानकारी के अनुसार यह पहला अवसर है, जब इतनी बड़ी संख्या में एक दिन में लोगों को टीका लगाया गया। इस अभियान के तहत अधिकतर सेंटर में चहल-पहल रही। इन सेंटर्स में 45 प्लस व 18 प्लस दोनो वर्गों को ही टीका लगाया गया।
मिली जानकारी के अनुसार कोविन पोर्टल में 3 बार टीकाकरण की स्थिति को अपडेट किया जाता है। इसी के आधार पर शाम 5 बजे तक की स्थिति में जिले में 4816 लोगों को टीका लगाया जा चुका था। इसमें सर्वाधिक 18 प्लस के 4349 लोगों को टीका लगाया गया था। वहीं 45 प्लस वर्ग में कुल 467 को टीका लग चुका था। टीकाकरण के लिए सेंटर्स में युवा पूरे उत्साह से पहुंचते रहे। हालांकि कुछ को टीका एप व कोविन एप को लेकर कन्फ्यूजन जरूर रहा, लेकिन ऑन द स्पॉट रजिस्ट्रेशन होने की वजह से उन्हें ज्यादा समस्या का सामना नहीं करना पड़ा। जिले के कई युवाओं ने टीकाकरण के लिए छत्तीसगढ़ सरकार के टीका एप में रजिस्ट्रेशन करवाया था, जिन्हें सेंटर में बताया गया कि इस रजिस्ट्रेशन से आपको टीका नहीं लगेगा। जिले के 126 केंद्रों में बोबेलाइजेशन के अनुसार टीकाकरण सत्र आयोजित किया गया। इसमें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के अंतर्गत आने वाले दो गांवों में एक साथ वैक्सीनेशन किया गया। इसमें पहला सत्र सुबह 10.30 से 2.30 बजे तक और दूसरा सत्र 3 से 6.30 बजे तक आयोजित किया गया था।