महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 22 जून। स्थानीय जनपद पंचायत के अधीन पंचायत सचिवों में एक सचिव ऐसा भी है जिसने स्थानांतरण के बाद कभी भी अपने स्थान पर पदस्थ होने वाले सचिव को प्रभार नहीं सौंपा। आरोप है कि अभी भी विकासखण्ड की ग्राम पंचायत बिजेमाल से उन्होंने अपने स्थान पर पदस्थ दूसरे सचिव को प्रभार तो नही दिया बल्कि सरपंच के साथ मिल कर कोई डेढ़ लाख रूपये का आहरण कर लिया।
उक्त मामले में स्थानीय जनपद पंचायत के सी ई ओ प्रदीप प्रधान ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि नरेंद्र वैष्णव की शिकायत उन्हें मिली है वे इसकी जांच करवा रहे है। जांच के बाद रिपोर्ट उच्च अफसरों को भेजी जाएगी।अपनी उक्त हरकत के कारण वह एक बार निलंबित भी हो चुका है।
चार पंचायत सचिव कर चुके शिकायत
पंचायत सचिव नरेंद्र वैष्णव द्वारा प्रभार नही देने सम्बन्धी शिकायत अब तक कुल चार पंचायत सचिव कर चुके हैं। इनमे सन 2018 में ग्राम पंचायत बड़े टेमरी स्थानांतरित सचिव चित्रसेन बारीक ने 24 जुलाई एवम 1 दिसम्बर को जनपद सीईओ के समक्ष वैष्णव द्वारा प्रभार नही देने की शिकायत की थी। 27 मई 2019 एवम 13 जून 19 को नयापारा कला की पंचायत सचिव दुर्गा डड़सेना ने भी वैष्णव के विरुद्ध प्रभार नही देने की शिकायत की थी।इसके बाद 10 जून 2021 को बिजेमाल ग्राम पंचायत में पदस्थ होने वाले सचिव सुखसागर जगत ने भी नरेंद्र वैष्णव के विरुद्ध उन्हें नियमानुसार प्रभार नही देने की लिखित शिकायत स्थानीय जनपद अधिकारी से की है।
अब तक दो बार नोटिस
जनपद सूत्रों के अनुसार अपने अफसरों के आदेश की लगातार अवमानना करने एवम पंचायती राज अधिनियम की धज्जियां उड़ाने वाले सचिव नरेंद्र वैष्णव को 25 जून 2019 को स्थानीय सीईओ प्रदीप प्रधान ने नयापारा कला एवम बड़े टेमरी ग्राम पंचायत का प्रभार तीन दिवस के अंदर सौंपने के निर्देश दिए गए थे परन्तु अनुविभागीय अधिकारी की अनुशंसा पर जारी इस नोटिस के बाद भी उन्होंने दो वर्ष बीत जाने के बाद भी सीईओ के आदेश का पालन नही किया।
बहरहाल अब बिजेमाल में भी प्रभार नही देने की शिकायत के बाद स्थानीय जनपद अधिकारों ने पुन: सचिव नरेंद्र वैष्णव को नोटिस जारी कर उसके विरुद्ध जांच के आदेश दिए है।