महासमुन्द

घर के बाहर खड़ी बोलेरो में आग लगा दी, मामला दर्ज
21-Jun-2021 7:34 PM
 घर के बाहर खड़ी बोलेरो में आग लगा दी, मामला दर्ज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 21 जून।
बसना के तोषगांव में किसी अज्ञात ने घर के बाहर खड़ी बोलेरो में आग लगा दी। इससे वाहन जलकर खाक हो गया है। इस आगजनी से 9 लाख 50 हजार रुपए का नुकसान होना बताया जा रहा है। महिला ने आगजनी की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर पतासाजी में जुट गई है।

ुलिस के मुताबिक ग्राम तोषगांव निवासी सुधा करायत ने 18 जून को आवेदन दिया था कि गाड़ी क्रमांक सीजी 06 जीबी 3727 रात में घर के सामने खड़ी थी, जिसे 17 जून की रात को अज्ञात व्यक्ति द्वारा आग लगा दिया गया था। रात साढ़े तीन बजे टायर फटने की आवाज सुनकर प्रार्थिया बाहर आई तो देखा कि बोलेरो जल रही थी, इसके बाद महिला ने डायल 112 को सूचना दी। सूचना पर पहुंची टीम ने वाहन में लगी आग को बुझाया। आग पर काबू तो पा लिया गया, लेकिन आगजनी से बोलेरा खाक हो गई।

शराब की अवैध बिक्री, ग्रामीण गिरफ्तार
 एक अन्य मामले में बसना पुलिस ने एक ग्रामीण को शराब की अवैध बिक्री के आरोप में पकड़ा है। ग्रामीण के पास से 4 लीटर देशी प्लेन शराब जब्त किया गया है। घटना लमकेनी के मनकी तालाब के पास की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जुर्म दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक सूचना मिलते ग्राम लमकेनी के मनकी तालाब के पास घेराबंदी कर ग्राम गिधमगढ़ बसना के रणसाय नंद (45) को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया है।

युवक ने फांसी लगाई
इसी तरह एक अन्य घटना में पिथौरा थाना क्षेत्र के ग्राम राजा सेवैयाखुर्द टीकरापारा के युवक ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना शनिवार सुबह 6 बजे की है। खुदकुशी का कारण अज्ञात है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच में लिया है। पुलिस के अनुसार राजा सेवैया खुर्द निवासी संजय बरिहा पिता लौह सिंह बरिहा 19 साल ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने सुबह पौने आठ बजे थाने में सूचना दी थी। 


अन्य पोस्ट