महासमुन्द
महासमुंद, 18 जून। पूछे जाएंगे सवाल जवाब देना होगा भूपेश कार्यक्रम के अंतर्गत चिकित्सा प्रकोष्ठ के संयोजक डॉ. विमल चोपड़ा एवं कौआझार सरपंच डोमार ध्रुव ने ग्राम पिरदा, मालिडीह एवं खैरझिटी में जन चौपाल का आयोजन कर छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा ढाई सालों में की गई वादा खिलाफी के प्रति लोगों को जागरुक किया। ग्राम खैरझिटी के राम मंदिर में लगी चौपाल में महिलाओं ने बताया कि उनकी जागरूकता के कारण गांव में अवैध शराब की बिक्री तो बंद हो गई परंतु सरकार की ऑनलाइन सप्लाई एवं 16 पव्वा एक व्यक्ति को देने की नीति ने उनकी सारी मेहनत पर पानी फेर दिया है।
इस अवसर पर डॉ. चोपड़ा ने महिलाओं से आह्वान किया कि शीघ्र ही शराबबंदी का सरकार का वादा निभाने के लिए दबाव बनाने हेतु गांव से सैकड़ों महिलाएं तैयार रहें। इसी तरह ग्राम मालीडीह में टूटे-फूटे छप्पर में निवास करने वाले महिलाओं ने बताया कि सरकार ने अब तक उनके लिए प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत नहीं किया है। इस कार्यक्रम के दौरान सरपंच घनश्याम पटेल, ललित ध्रुव, तोषण पटेल, मोहन यादव, माधव पटेल, डीगेश खैरवार, नंदलाल सिन्हा, डॉ.संतोष सिन्हा, संतोष ध्रुव, राम बाई सिन्हा सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित थे।