महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 8 जून। भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा तीन दिन पहले जारी जिला कार्यसमिति के नवनियुक्त पदाधिकारियों की सूची के बाद से संगठन में विवाद उत्पन्न हो गया है।
कई पदाधिकारी और युवा मोर्चा के नेता सोशल मीडिया में अपनी भड़ास निकाल रहे हैं। वहीं एक युवा नेता ने तो अपने सोशल मीडिया अकाउंट के साथ ही भाजपा के सोशल मीडिया ग्रुप में सार्वजनिक रूप से सांसद के खिलाफ ही टिप्पणी कर दी है। इसके बाद से युवा मोर्चा संगठन में बवाल मचा हुआ है। सबसे ज्यादा आपत्ति जिला महामंत्री के पद और महासमुंद,गढफ़ुलझर मंडल अध्यक्ष को लेकर है।
मालूम हो कि भाजयुमो जिलाध्यक्ष जसराज बाला चंद्राकर ने 4 जून को युवा मोर्चा के नवनियुक्त जिला मोर्चा पदाधिकारियों की सूची जारी की। जिला पदाधिकारी के रूप में 20 नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं जिले के सभी 18 मंडल के लिए मंडल अध्यक्षों की नियुक्ति की गई है। इसके अलावा युवा मोर्चा से ही 27 विशेष आमंत्रित सदस्य और जिला बॉडी से 24 स्थाई आमंत्रित सदस्यों की सूची जिलाध्यक्ष ने जारी की है। लेकिन सूची जारी होने के बाद से इस पर विवाद गहराता जा रहा है।
जानकारी के अनुसार सबसे ज्यादा विवाद जिला महामंत्री के पद और दो मंडल अध्यक्षों की नियुक्ति को लेकर है। बताया जा रहा है कि युवा मोर्चा में कोमाखान निवासी नितिन जैन और महासमुंद निवासी दिनेश रूपरेला को जिला महामंत्री बनाया गया है। पर इन दोनों के खिलाफ ही आपराधिक प्रकरण चल रहा है। इसी तरह महासमुंद मंडल अध्यक्ष नंदू जलक्षत्री और गढफ़ुलझर मंडल अध्यक्ष अरविंद की उम्र अधिक बताई जा रही है। जबकि युवा मोर्चा में नियुक्ति के लिए 35 वर्ष की आयु सीमा निर्धारित की गई है।