महासमुन्द
महासमुंद, 6 जून। महासमुंद निवासी एक व्यक्ति की एम्स रायपुर में मौत हो गई। उक्त व्यक्ति ब्लैक फंगस से पीडि़त था। जानकारी के अनुसार महासमुंद ब्लॉक के ग्राम नांदगांव निवासी एक 55 वर्षीय पुरुष की गुरुवार को एम्स रायपुर में मौत हो गई। उक्त व्यक्ति को ब्लैक फंगस की शिकायत थी।
इस तरह महासमुंद जिले में अब तक ब्लैक फंगस से कुल 4 लोगों की मौत हो चुकी है। इसमें सरायपाली से 1, बागबाहरा ब्लॉक से 1 और महासमुंद ब्लॉक से 2 लोग शामिल हैं। ब्लैक फंगस को लेकर महासमुंद जिले में अब तक कोई खास व्यवस्था नहीं की गई है। हालांकि पूर्व में कलेक्टर ने जिला अस्पताल में ही इसके लिए ओपीडी शुरू करने के निर्देश दिए थे। कोरोना नियंत्रण दल के नोडल अधिकारी डॉ अनिरूद्ध कसार ने बताया कि ब्लैक फंगस के ओपीडी के लिए तैयारी की जा रही है। शनिवार को महासमुंद में कोरोना के 50 नए केस सामने आए। शनिवार को जिले 1977 लोगों की कोरोना जांच की गई, जिसमें केवल 50 पॉजिटिव सामने आए। आरटीपीसीआर के 330 सैंपल में 8, ट्रू नॉट के 278 सैंपल में 5 और रैपिड एंटीजेन किट से 1378 की जांच में 37 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। स्वास्थ्य विभाग की मानें तो कोरोना संक्रमण अब कम हो रहा है।