महासमुन्द

जेल ब्रेक मामला: जेलर के ट्रांसफऱ न होने पर जांच प्रभावित होने की आशंका
05-Jun-2021 6:49 PM
जेल ब्रेक मामला: जेलर के ट्रांसफऱ न होने पर जांच प्रभावित होने की आशंका

कलेक्टर के पत्र के बाद भी कार्रवाई नहीं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 जून।
महासमुंद जेल ब्रेक मामले में पूरे प्रकरण की दंडाधिकारी जांच को लेकर कलेक्टर महासमुंद ने डीजी जेल को पत्र लिखकर जेलर के ट्रांसफऱ न होने पर जांच प्रभावित होने की आशंका जताते हुए जेलर के ट्रांसफऱ किए जाने को जरुरी बताया है।

गौरतलब है कि विगत 6 मई को महासमुंद जि़ला जेल से पांच विचाराधीन बंदी धनसाय, डमरुधर, राहुल, दौलत और करन फऱार हो गए थे। एक साथ पांच बंदियों के फऱार होने के बाद जिले में हडक़ंप मच गया था। हालांकि जल्द ही इन पांचों को पुलिस ने पकड़ लिया था।

इस मामले में जेल प्रबंधन की स्पष्ट चूक प्रथम दृष्टया पाई गई थी। इस मामले में डीजी जेल ने दंडाधिकारी जांच के लिए कलेक्टर को पत्र लिखा था। सात मई के इस पत्र के जवाब में कलेक्टर कार्यालय ने 11 मई को जवाबी पत्र लिखते हुए अहम ध्यानाकर्षण किया था। लेकिन आज तक जेलर की ड्यूटी महासमुंद जिला जेल में ही है। 

कलेक्टर महासमुंद ने डीजी जेल को स्पष्ट लिखा है कि चूँकि जि़ला जेल महासमुंद की सुरक्षा व्यवस्था में चूक होने के कारण उपरोक्त पांचों विचाराधीन बंदी जेल से फऱार हो गए तथा जेलर दंडाधिकारी जांच को प्रभावित कर सकता है, अतएव जि़ला जेल में पदस्थ जेलर का स्थानांतरण अन्यत्र किया जाना उचित होगा, जिससे कि दंडाधिकारी जांच कार्यवाही प्रभावित न हो सके एवं निष्पक्षता के साथ जांच की जा सके। 11 मई को कलेक्टर की ओर से भेजे गए इस पत्र के बावजूद जेलर महासमुंद जेल में पदस्थापित हैं।
 


अन्य पोस्ट