महासमुन्द
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
महासमुंद, 2 जून। महासमुंद से होते हुए बागबाहरा और फिंगेश्वर रेंज अब तीनों हाथियों के मूवमेंट का नया कॉरिडोर बन चुका है। इस रूट पर सालभर में इन हाथियों का मूवमेंट 15 से अधिक बार हुआ है। वहीं पिछले एक महीने में तीनों इस रूट पर पांच से अधिक बार आना-जाना कर चुके हैं। तीनों हाथियों का मूवमेंट बढऩे के साथ ही वन विभाग के लिए नई चुनौती सामने है। क्योंकि सिरपुर क्षेत्र में वन विभाग के पास ग्रामीणों का अच्छा-खासा नेटवर्क है। इसलिए उस क्षेत्र में जब भी हाथी होते हैं, विभाग को उनके हर पल के मूवमेंट की जानकारी आसानी से मिल जाती है। लेकिन अब बागबाहरा रेंज के गांवों में हाथियों के मूवमेंट बढऩे पर इस क्षेत्र में ग्रामीणों का नेटवर्क खड़ा करना बड़ी चुनौती है।
डीएफ ओ पंकज राजपूत ने कहा है कि बागबाहरा रेंज और महासमुंद रेंज के ऐसे गांव, जहां अब हाथियों का मूवमेंट बढ़ा है, वहां हाथी मित्र दल का गठन किया जा रहा है। साथ ही ग्रामीणों को हाथियों के व्यवहार, उनके आने पर किस तरह से सूचना देनी है, आसपास के गांव के लोगों को कैसे जोड़कर अलर्ट किया जा सकता है, इसके बारे में जानकारी दी जा रही है।
वन विभाग का कहना है कि महासमुंद डिवीजन में मौजूद तीनों टस्करों का मूवमेंट पिछले सालभर से इस रूट में काफी बढ़ा है। अब इनकी जद में महासमुंद रेंज के अलावा बागबाहरा रेंज भी शामिल हो गया है और ये हाथी सालभर से इसी रास्ते का प्रयोग गरियाबंद डिवीजन में जाने के लिए कर रहे हैं। सालभर के हाथियों के रूट पर नजर डालें तो महासमुंद के जंगल में वर्तमान में तीन टस्कर मौजूद हैं, जो महासमुंद और बागबाहरा रेंज से होते हुए फिंगेश्वर रेंज की ओर जाकर वापस महासमुंद आते हैं। वन मंडल की टीम इनके मूवमेंट पर नजर बनाए हुए हैं।
वन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार चार दिन पहले एमई.1 टस्कर इसी रूट से फिंगेश्वर रेंज पहुंच गया था। लेकिन दो दिन पहले ही वह फिर से महासमुंद रेंज में वापस लौट आया है। कल सोमवार की शाम एक टस्कर को गौरखेड़ा के पास देखा गया। दंतैैल हथियों के मूवमेंट बढऩे, लगातार सिरपुर क्षेत्र से निकलकर फिंगेश्वर की ओर जाने और दोबारा वापस लौट आने के कई कारण हो सकते हैं।
वनमंडलाधिकारी पंकज राजपूत के मुताबिक हाथियों के मूवमेंट बढऩे के कई कारण हो सकते हैं। सिरपुर क्षेत्र में हाथी ज्यादातर समय कुकराडीह बंजर में बिताते हैं। हाथियों का ज्यादातर मूवमेंट यहीं से होता है। हाल ही में देखा गया है कि हाथियों को जब भी फिंगेश्वर की ओर जाना होता है, वे यहां से निकलकर पीढ़ी बांध होते हुए बांसकुड़ा, बिरबिरा, पिरदा होते हुए एनएच 53 क्रॉस करते हैं। यहां कोडार बांध या फिर से कौआझर होते हुए बनसिवनी, मुड़मार, अरंड, धनसुली, परसदा, जीवतरा होते हुए बघनई नाला क्रॉस करते हैं। यहां से धरमपुरा होते हुए बिजराडीह फिंगेश्वर में प्रवेश करते हैं। तीनों टस्कर आने और जाने के लिए लगभग इसी रूट का प्रयोग करते हैं। वन अमला कहता है कि बीते एक महीने में 5 से अधिक बार हो चुका है इसी रूट पर मूवमेंट कर रहे हैं। पहले एकाध बार ही आते थे।
बॉक्स
महासमुंद जिले में सामान्यत: अब ऐसा कोई जंगल बचा नहीं है, जहां बिना किसी हस्तक्षेप के हाथियों का मूवमेंट हो सके। इसके अलावा गर्मी बहुत है और हाथियों में पसीने की ग्रंथी नहीं होती। ऐसे में उन्हें गर्मी ज्यादा लगती है। इसलिए उन्हें पानी और धूल पसंद होता है। इसकी तलाश में भी वे घूमते रहते हैं।
महासमुंद से चंदा हाथी का दल पिछले एक साल से क्षेत्र में नहीं है। दल इस समय बालोद डिवीजन में मौजूद है। तीनों नर अकेले हैं और इसी दल के सदस्य हैं। ऐसे में हो सकता है कि वे अपने दल के पास जाना चाह रहे हों। क्योंकि चंदा हाथी के दल में ही सभी मादा हाथी हैं। महासमुंद डिवीजन में इस समय जो तीन हाथी मौजूद हैं वो टस्कर नर हैं। इनका नेचर ही होता है खूब खाना और घूमना। भोजन की तलाश में ये काफी दूर तक चले जाते हैं। ये एक स्थान या एरिया में कम ही रहते हैं।