महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 1 जून। जिला पुलिस विभाग महासमुन्द में सेवारत् रहे सहायक उपनिरीक्षक भगत राम जायसवाल, प्रधान आरक्षक विमल साहू व प्रधान आरक्षक तेजराम साहू, तीनों पुलिस अधिकारी-कर्मचारी छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग में नियुक्ति पश्चात लंबी सेवा देने के बाद सेवानिवृत्त हुए।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय सभागार में विभाग प्रमुख ने कल तीनों पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति में कोविड.19 दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए विदाई समारोह आयोजित कर तीनों ही पुलिस अधिकारी को ससम्मान विदाई दी गई। पुलिस अधीक्षक ने सभी को पुष्प माला पहनाकर, पुष्पगुच्छ, शॉल, श्रीफल, मोमेंटो व उपहार भेंट कर ससम्मान विदाई दी। विदाई समारोह में सेवा निवृत्त हो रहे पुलिस कर्मचारियों ने अपनी सेवा.वृतांत की चर्चा करते हुए पुलिस विभाग में नियुक्ति से लेकर अब-तक के सफर में आये अच्छे एवं बुरे अनुभव को साझा किया।
विदाई समारोह में पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने पुलिस अधिकारी भगत राम जायसवाल, विमल साहू, तेजराम साहू की डयूटी के प्रति समर्पण व सरल आचरण की प्रशंसा की। विदाई समारोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मेघा टेम्भुरकर साहू, उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय नारद कुमार सूर्यवंशी, रक्षित निरीक्षक नीतिश आर नायर तथा कार्यालय के शाखा प्रभारी उपस्थित थे।