महासमुन्द

नारी सृष्टि का आधार-डॉ. अनसूया
26-May-2021 8:31 PM
 नारी सृष्टि का आधार-डॉ. अनसूया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुन्द, 26 मई। राष्ट्रीय शिक्षक संचेतना, उज्जैन द्वारा गत दिवस राष्ट्रीय वेब संगोष्ठी का आयोजन किया गया। यह संगोष्ठी महिला सशक्तिकरण में हमारा योगदान विषय पर केन्द्रित था।

इस अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में प्रो. डॉ. अनसूया अग्रवाल ने कहा कि घर, परिवार और समाज में आज भी नारी की स्थिति दोयम दर्जे की है। कल की तरह आज भी भारतीय समाज महिला सशक्तिकरण के संबंध में चिंतित दिखाई देता है लेकिन नारी को समझना होगा कि वह जननी है, वह सृष्टि का आधार है, उससे ही सारी सृष्टि संचालित है।

मुख्य अतिथि स्वर्णा जाधव ने कहा कि समाज के विकास के लिए पुरूष और नारी दोनों को अपनी मानसिकता बदली होगी। स्त्री को स्वयं को सक्षम बनाना होगा और उसे अपने निर्णय लेने की अपार क्षमता का स्मरण करना होगा। प्रो. शैलेन्द्र कुमार शर्मा ने कहा कि स्त्री सशक्तिकरण के लिए जरूरी है कि समाज की मूल्य प्रणाली में व्यापक परिवर्तन हो जो पितृसत्तात्मक समाज से जुड़ी है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे शेख सर ने कहा कि भारतीय संस्कृति में प्राचीन काल से ही नारी का स्थान विशिष्ट रहा है। प्राचीन ग्रंथों में नारी को देवी का स्थान प्राप्त था इसलिए जरूरी है कि नारी सशक्तिकरण के साथ ही वह अपने महत्व को भी समझे। राष्ट्रीय प्रमुख प्रवक्ता डॉ मुक्ता कौशिक ने कहा कि बाल्यावस्था से लेकर वृद्धावस्था तक स्त्री अपनी विभिन्न भूमिकाओं के माध्यम से पुरूष का आधार बनी रही है। वर्तमान में राष्ट्र के विकास में महिलाओं की भूमिका को पहचानना जरूरी है। वरिष्ठ साहित्यकार हरेराम बाजपेयी ने कहा कि स्त्री और पुरूष दोनों एक दूसरे के पूरक हैं। दोनों के समान सहयोग से ही परिवार, समाज और राष्ट्र का निर्माण संभव है। कोलकाता की सुनीता मंडल ने कहा कि यह विडंबना ही है कि स्त्री पैदा नहीं होती बल्कि उसे बनाया जाता है। आज की नारी शिक्षित तो है पर जब निर्णय लेने की बात आती है वहां उसे अलिप्त रखा जाता है; जो गलत है।


अन्य पोस्ट