महासमुन्द
किराए के मकान में अकेले रह रही थी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुन्द, 26 मई। तुमगांव के वार्ड 12 में एक मकान में अकेले निवास कर रही महिला को अज्ञात ने धारदार हथियार से वार कर मौत के घाट उतार दिया है। घटना सोमवार-मंगलवार की दरम्यानी रात की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। महिला के कान व सिर पर धारदार हथियार के निशान हंै।
पुलिस अज्ञात पर हत्या का मामला दर्ज कर पतासाजी में जुट गई है। घटना स्थल से पुलिस को कुछ बरामद नहीं हुआ, वहीं परिजनों व मोहल्लेवासियों से पूछताछ कर रही है। महिला पति व बच्चे को छोडक़र एक सप्ताह से अकेले वार्ड क्रमांक 12 में अपने दूसरे मकान में निवास कर रही थी। इस हत्या की खबर से तुमगांव में सनसनी फैल गई है।
पुलिस के मुताबिक परसों 24-25 मई की दरम्यानी रात अज्ञात ने वार्ड क्रमांक 12 निवासी सुशीला बाई साहू पति गोर्वधन साहू (50) की अज्ञात ने धारदार हथियार से हत्या कर दी है। मृतका की दिमागी हालत ठीक नहीं थी। करीब 20 साल हो गए थे। काफी उपचार कराने के बाद भी ठीक नहीं हो पा रही थी। वह अपने पति गोवर्धन व बेटे के साथ वार्ड- 11 के मकान में एक साथ रहती थी। एक सप्ताह पहले ही वहां के मकान को छोडक़र वार्ड क्रमांक 12 के मकान में अकेले निवास कर रही थी। पुलिस आरोपियों को तलाश रही है, मामले में जांच जारी है।
तुमगांव टीआई शरद ताम्रकार ने जानकारी दी है कि एक संदेही से पूछताछ जारी है। पतासाजी होते ही मीडिया को इसकी जानकारी दे दी जाएगी।