महासमुन्द
आदेश आने के बाद उच्च अधिकारियों के साथ प्लांट स्थापित करने के संबंध में चर्चा की जाएगी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 27 अप्रैल। रविवार को प्रधानमंत्री मोदी ने छत्तीसगढ़ के 14 जिलों में एक-एक ऑक्सीजन प्लांट बनाने की घोषणा की है, जिसमें महासमुंद जिला भी शामिल है। हालांकि इस संबंध में अभी जिला स्वास्थ्य विभाग को किसी भी प्रकार की जानकारी नहीं आई है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि इस संबंध में अभी कोई आदेश नहीं आया है। आदेश आने के बाद उच्च अधिकारियों के साथ प्लांट स्थापित करने के संबंध में चर्चा की जाएगी और फिर निर्णय लिया जाएगा कि प्लांट कहां तैयार किया जाएगा।
सीएमएचओ डॉ. एन के मंडपे ने बताया कि जिला अस्पताल के ऑक्सीजन प्लांट में 176 जंबो ऑक्सीजन सिलेंडर का है, जो हमारे आईसीयू वार्ड में सप्लाई देता है। फिर भी हमें 30 से 40 पोर्टेबल सिलेंडर के लिए राजधानी पर निर्भर रहना पड़ता है। केंद्र सरकार की घोषणा के बाद देखना यह है कि जिले में कहां यह प्लांट बनेगा। जिला अस्पताल का ऑक्सीजन प्लांट काम तो कर रहा है।
लेकिन प्लांट के लिए जनरेटर लग जाने से चिकित्सकों की ऑक्सीजन को लेकर निश्चिंतता थोड़ी कम हो जाएगी। अस्पताल के चिकित्सक कहते हैं कि ऑक्सीजन बनाने के लिए बिजली की आवश्यकता प्रमुख होती है। हालांकि प्लांट में आधे घंटे का बैकअप जरूर रहता है, लेकिन लंबे समय के लिए लाइट चली जाने से किसी भी प्रकार की समस्या हो सकती है। इसलिए प्लांट के लिए जनरेटर जरूरी है। हालांकि यहां के प्लांट के लिए जनरेटर लगभग एक हफ्ते के भीतर लगाने के लिए राज्य सरकार की एजेंसी ने आश्वासन जरूर दिया है।