महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 27 अप्रैल। क्वॉरंटीन सेंटर में होने वाले खर्च के लिए सरपंचों के द्वारा 15 वें वित्त आयोग तथा मूलभूत की राशि खर्च करने की मांग पर संसदीय सचिव एवं खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव की पहल पर स्वीकृति दे दी गई हैै।
जिले में जगह-जगह कोरोना केयर सेंटर तथा क्वॉरंटीन सेंटरों का निर्माण किया गया है। साथ ही कोरोना के चलते हर राज्य में लॉकडाउन होने पर भी मजदूर जब वापस आने लगे हैं। उन प्रवासी मजदूरों की देखभाल तथा कोरोना संक्रमण के चलते क्वॉरंटीन सेंटर की व्यवस्था करने के लिए शासन के द्वारा ग्राम पंचायतों को निर्देशित किया गया है। इसी विषय पर ग्राम पंचायत के सरपंचों ने सरपंच संघ अध्यक्ष के नेतृत्व में शासन से मांग की थी कि क्वॉरंटीन सेंटर में मूलभूत सुविधाओं के लिए 15 वे वित्त एवं मूलभूत की राशि का उपयोग की अनुमति दिया जाय। सरपंच संघ की उक्त मांग पर छत्तीसगढ़ शासन के संसदीय सचिव एवं खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव ने सीईओ जिला पंचायत महासमुन्द को अनुमति हेतु निर्देशित किया है। जिस पर शासन द्वारा जारी दिशा निर्देशों का पालन करते हुए 15 वे वित्त की राशि एवं मूलभूत राशि की उपयोग हेतु सीईओ जनपद पंचायत बागबाहरा द्वारा समस्त सरपंच सचिव को पत्र जारी किया गया है।
सरपंचों की उक्त मांग पूरी होने पर सरपंच संघ अध्यक्ष एडिशन ठाकुर एवं जनपद पंचायत बागबाहरा के अंतर्गत आने वाले सभी ग्राम पंचायतों के सरपंचों तथा जनप्रतिनिधियों ने संसदीय सचिव यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया है।