महासमुन्द

सरस मेला, शहर की गोद में बसेगा एक सुंदर गांव
22-Mar-2021 4:40 PM
सरस मेला, शहर की गोद में  बसेगा एक सुंदर गांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुन्द, 22 मार्च।
महासमुन्द जिले के विकासखंड सरायपाली शहर की गोद में एक दिन के लिए खूबसूरत गांव बसेगा। यहां हाथ की कारीगरी आगंतुकों का मन मोह लेगी। हम बात कर रहे हैं सरायपाली जनपद परिसर में लगने वाले सरस मेला सह बिहान सम्मेलन की। 

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ, रवि मित्तल ने बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत महिला स्व सहायता समूहों को प्रशिक्षण हेतु प्रेरणा एवं उनके द्वारा तैयार उत्पादों के प्रचार के साथ इसका उद्देश्य आधुनिक बाजार में स्वदेशी उत्पादों और इससे जुड़े लोगों को प्रोत्साहित करना है। यह मेला जनपद परिसर सरायपाली में बुधवार 24 मार्च को आयोजित होगा। सुबह 9 बजे से शाम आठ बजे तक मेले में जा सकते हैं। प्रवेश नि:शुल्क है। उन्होंने कहा कि लोग कोविड नियमों का पालन करें और मास्क का उपयोग अवश्य करें। 

जनपद सीईओ स्निग्धा तिवारी ने जानकारी दी कि इस मेले में सरायपाली ब्लॉक के लगभग 25 बिहान समूह की दीदियंा अपना स्टाल लगायेंगी। देशी ठाट में मेले का खाका खींचने की तैयारी की जा रही है, जो शहरी लोगों को काफी पसंद आएगा। तैयारी को अंतिम रूप दिया जा रहा है। यह मेला एक बड़े उद्देश्य के साथ लगाया गया है। स्वावलंबन, स्वरोजग़ार अउ सबके कल्याण लाए बर ..सब के जीवन मं.. नवा बिहान थीम से लोगों को यह बात समझ में आ जाएगी।

एक तरफ  जहां गांव के उत्पादों को बढ़ावा दिया जा रहा है। वहीं महिला सशक्तीकरण पर भी जोर दिया जा रहा है। इस सरस मेले में सरायपाली विकासखंड स्व सहायता समूहों के हस्त शिल्प एवं विभिन्न उत्पाद खरीद.बिक्री सह प्रदर्शनी के लिए उपलब्ध होंगे। वही विभिन्न विभागों की योजनाओं की भी जानकारी मिलेंगी।


अन्य पोस्ट