महासमुन्द

महासमुंद में 351 पंजीकृत बसें: एक भी बस का कंडक्टर लाइसेंसधारी नहीं, अधिकांश बसों में जीपीएस-पैनिक बटन भी नहीं
31-Dec-2025 4:13 PM
महासमुंद में 351 पंजीकृत बसें: एक भी बस का कंडक्टर लाइसेंसधारी नहीं, अधिकांश बसों में जीपीएस-पैनिक बटन भी नहीं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 31दिसंबर। जिले में करीब 351 पंजीकृत बसें रोजाना दौड़ रही हैं। बसों में यात्रियों की टिकट काटने से लेकर चालक के सहायक के रूप में कंडक्टर ही काम करते हैं। बस परमिट की शर्तों के मुताबिक कंडक्टर को लाइसेंस लेना पड़ता है। महासमुंद जिले में इन शर्तों का उल्लंघन हो रहा है। यहां एक भी लाइसेंसधारी कंडक्टर नहीं है। इसी तरह अधिकांश बसों में जीपीएस और पैनिक बटन भी नहीं है। इस पर परिवहन विभाग ने अब तक एक बार भी कार्रवाई नहीं की है।

जानकारी अनुसार सभी बसों में बिना लाइसेंस वाले कंडक्टर ही काम कर रहे है। इन कर्मचारियों को न तो यातायात नियमों की सही जानकारी होती और न ही इनका वेरिफिकेशन होता है। यही कारण है कि बसों में यात्रा के दौरान कई चार यात्रियों और बस कंडक्टर्स के बीच विवाद की स्थिति बनती है। महासमुंद जिले में रोजाना 350 से अधिक बसें चलती है। इनमें से एक भी बस में कंडक्टर के पास लाइसेंस नहीं है। यह सिर्फ  परमिट वाली बसों के लिए है। इस बात की जानकारी होते हुए भी जिला परिवहन विभाग नेअब तक कोई भी कार्रवाई नहीं की है। न हीं विभाग ने कंडक्टरों को लाइसेंस बनवाने के लिए जानकारी दी है।            लिहाजा बसों में बिना लाइसेंसी कंडक्टर बेधडक़ चल रहे हैं। अक्सर ये बस के गेट पर लटकते हुए सफर करते हैं। आरटीओ से प्राप्त जानकारी के अनुसार कंडक्टर लाइसेंस के लिए किसी एमबीबीएस चिकित्सक के यहां फ़स्र्ट एड का प्रशिक्षण लेना जरूरी होगा। जिस चिकित्सक के यहां प्रशिक्षण लिया जाता है, उसके यहां का प्रमाण होना चाहिए। ट्रैफिक सिग्नल की जानकारी लेनी होगी। ताकि वह दिन में वाहनों के टर्निंग प्वाइंट पर बस, ट्रक, ट्रेक्टर और ऑटो को सही ढंग से निर्देशित कर सके और आए दिन होने वाली दुर्घटनाएं रुक सके।

एक बात और बताना जरूरी है कि लाइसेंस और प्रशिक्षण के अभाव में कंडक्टर केवल टिकट की राशि लेने का काम करते हैं। महासमुंद से रायपुर रोड की बसों में यात्रियों से पैसे तो लिए जाते हैं लेकिन टिकट नहीं दिया जाता। कई बार यात्रियों के साथ बदतमीजी की भी शिकायत आती है। मनमानी किराया वसूली की बात से भी यात्रियों और कंडक्टरों के बीच अनबन हो जाती है। कंडक्टर लाइसेंस के लिए आठवीं पास होना जरूरी है। चिकित्सा फिटनेस प्रमाण पत्र, प्राथमिक चिकित्सा प्रमाणपत्र एमबीबीएस से जरूरी है ताकि यात्रा के दौरान इमरजेंसी में वह यात्रियों की मदद कर सके। सात ही संबंधित थाने से चरित्र सत्यापन प्रमाणपत्र भी देना होता है।

 

बीते समय में महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सरकार ने सभी यात्री बसों में जीपीएस और पैनिक बटन लगाना अनिवार्य किया था। जिले में चल रही अधिकांश पुरानी यात्री बसों में अब तक जीपीएस और पैनिक बटन नहीं लगा है। निर्देश के डेढ़ साल बीत जाने के बाद भी अधिकांश बस ऑपरेटरों ने यह सुविधा उपलब्ध नहीं कराई है। एक मार्च 2024 से यह नियम प्रभावी भी हो गया है लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि अब तक इसका पूर्ण पालन नहीं हो रहा है।

इस संबंध में जिला परिवहन अधिकारी आरके ध्रुव ने बताया कि जिले में पंजीकृत बसों में एक भी लाइसेंसधारी कंडक्टर नहीं है। लाइसेंस के लिए जागरूक किया जाएगा। पालन नहीं करने पर कार्रवाई की जाएगी। पैनिक बटन व जीपीएस की भी जांच कराई जाएगी।


अन्य पोस्ट