महासमुन्द

आधी रात को महासमुंद पुलिस का ऑपरेशन निश्चय, 38 टीमों ने तडक़े 109 जगह दबिश देकर धरे 51 बदमाश
20-Sep-2025 3:31 PM
आधी रात को महासमुंद पुलिस का ऑपरेशन निश्चय, 38 टीमों ने तडक़े 109 जगह दबिश देकर धरे 51 बदमाश

अवैध शराब, मादक पदार्थ, नशीली दवाइयां जब्त

‘छत्तीसगढ़’  संवाददाता

महासमुंद,20 सितंबर। राज्य के आला पुलिस अधिकारियों के आदेश पर महासमुंद पुलिस ने आधी रात आपरेशन निश्चय के लिए तगड़ी प्लानिंग की और जिले की समस्त थाने चौकियों की 38 टीमों के साथ रात में ही नशे के सामान बेचने वालों के खिलाफ धावा बोल दिया। कल शुक्रवार तडक़े चार बजे 109 स्थानों पर दबिश दी और सुबह होते तक 51 बदमाश धरे गए। मालूम हो कि नशे के अवैध कारोबार और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने गुरुवार की रात जिलेभर में विशेष अभियान चलाया।

कल एक पत्रकार वार्ता में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिभा पांडेय ने बताया कि पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज डॉ. अमरेश मिश्रा के निर्देश पर महासमुंद पुलिस ने ऑपरेशन निश्चय नारकोटिक्स इन्वेस्टिगेशन सुपरेशन कंट्रोल हाल्ट एक्शन फ ार यूथ एंड सोसाइटी के तहत जिले में 38 टीमें बनाकर 109 स्थानों पर छापे मारे। इस दौरान अवैध शराब, मादक पदार्थ, नशीली दवाइयों की जब्ती के साथ ही आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की गई।

प्रतिभा पांडेय ने बताया कि रात 12 बजे अभियान की प्लानिंग कर तडक़े 4 बजे टीमें रवाना की गईं। यह कार्रवाई जिले में सक्रिय छोटे तस्करों के नेटवर्क को तोडऩे की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। पुलिस आगे भी और अधिक सख्ती के साथ नशे के खिलाफ  मुहिम चलाएगी। प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि वे नशे के खिलाफ  इस जंग में पुलिस का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत साझा करें।

 

उन्होंने बताया कि इस अभियान में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत 11 प्रकरण दर्ज की और 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 25.650 किलो अवैध गांजा और 24 नग ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए गए। ऑपरेशन निश्चय का मुख्य लक्ष्य छोटे पैडलर्स और गली-मोहल्लों में सक्रिय नशा कारोबारियों पर शिकंजा कसना, युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना और समाज को सुरक्षित भविष्य देना है। मादक पदार्थों और अवैध शराब के कारोबार में लिप्त लोगों पर कार्रवाई जारी रहेगी। आबकारी एक्ट के मामले इसी तरह आबकारी एक्ट के तहत 28 प्रकरणों में 28 व्यक्तियों को पकड़ा गया। इनके पास से 280.440 लीटर अवैध शराब जब्त की गई। पुलिस ने बताया कि नशे का कारोबार अक्सर गांवों और कस्बों के भीतर से संचालित होता है। जिसे समाप्त करने के लिए लगातार अभियान चलाए जाएंगे।


अन्य पोस्ट